छ्त्तीसगढ़ के जगदलपुर में पुलिस ने करीब 10 किलो गांजा और हशीश तेल पकड़ा है। जिसकी कीमत करीब 1 करोड़ 29 लाख 95 हजार रुपए है। पुलिस ने 2 तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। ये तस्कर ओडिशा से तेल लेकर आए थे जिसे छत्तीसगढ़ और फिर यहां से हैदराबाद, मुंबई और पुणे लेकर जा रहे थे। हालांकि, मुखबिर से मिली सूचना के बाद बस्तर पुलिस ने इन्हें जगदलपुर के सरगीपाल में रेलवे साइडिंग के पास से गिरफ्तार कर लिया है। ये बस्तर पुलिस की इस साल की सबसे बड़ी कार्रवाई है। मामला बोधघाट थाना क्षेत्र का है। बाइक से लेकर आए थे जानकारी के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि एक बाइक से दो युवक अवैध रूप से नशीली पदार्थों से बने तेल की तस्करी कर रहे हैं। बाइक OD 30 D 6588 के माध्यम से ओडिशा के मलकानगिरी से दरभा होते हुए केशलूर पहुंचे। यहां से सरगीपाल की तरफ गए हैं। वहीं मुखबिर की इसी सूचना के बाद बोधघाट थाना प्रभारी लीलाधर राठौर समेत अन्य जवानों ने चेक पोस्ट लगाया और मुखबिर के बताए अनुसार बाइक को पकड़ा गया। ओडिशा के रहने वाले हैं दोनों तस्कर वहीं बाइक पर 2 युवक सवार थे। पूछताछ में दोनों युवकों ने अपना नाम सीताराम कुलदीप (35) और रामचंद्र माड़ी (21) बताया। ये दोनों ओडिशा के कोरापुट के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनकी तलाशी ली। इनके पास से 10 किलो तेल बरामद किया गया। जिसकी लैब टेस्टिंग के बाद पता चला की ये गांजा और हशीश का तेल है। बड़े शहरों में ज्यादा डिमांड जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 29 लाख 95 हजार रुपए है। जिसके बाद पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार कर लिया। दोनों युवकों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस अफसरों का कहना है कि ये हैदराबाद में इलेक्ट्रिशियन का काम करते हैं। ओडिशा से तेल लाकर अवैध तरीके से बेचते हैं। मुंबई, हैदराबाद और पुणे जैसे शहरों में इस तेल की ज्यादा डिमांड है। ये वहीं बेचने जा रहे थे।


