जांजगीर-चांपा जिले के चांपा थाना क्षेत्र के भोजपुर मेन रोड पर एक सड़क हादसे में 15 वर्षीय नाबालिग बालक की मौत हो गई। तेज रफ्तार हाइवा वाहन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बीडीएम अस्पताल के मर्चुरी में रखवाया है। यह घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज के अनुसार, मृतक नाबालिग बालक आशीष चौहान अपनी बाइक तेज रफ्तार में चला रहा था। सड़क किनारे से बाइक का पहिया फिसल गया, जिससे वह सड़क पर गिर गया। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार हाइवा वाहन ने उसे कुचल दिया। हाइवा वाहन जब्त, ड्राइवर मौके से फरार हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और भीड़ को शांत कराया। पुलिस ने हाइवा वाहन को जब्त कर लिया है, लेकिन उसका ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


