भास्कर न्यूज | जालंधर कैंट प्रशासन की ओर से जवाहर गार्डेन को नए रूप से तैयार किया जा रहा है। कैंट बोर्ड के सीईओ ओमपाल सिंह ने कहा कि छावनी को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। बहुत जल्द छावनी में लाल कुर्ती क्षेत्र में स्थित पांच एकड़ जमीन पर नया पार्क तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि छावनी बोर्ड निवासियों की हर समस्या को पहल के आधार पर हल करने के लिए वचनबद्ध है। वहीं, इसे लेकर इस गार्डन में सुबह सैर करने आने वाले सैलानियों गुरशरण सिंह टक्कर, पूर्व उपाध्यक्ष सुरेश भारद्वाज, राजकुमार राजू, डॉक्टर अवतार चंद, अनिल बख्शी, रोहित आहूजा, महेंद्र भट्टी, बंटी, मधुसूदन शर्मा, ओम प्रकाश ओमा आदि ने स्मृति चिह्र और फूलों का गुलदस्ता देकर सीईओ ओमपाल सिंह को जवाहर गार्डन में करवाए जा रहे विकास कार्यों के लिए सम्मानित किया। गुरशरण सिंह टक्कर ने कहा कि छावनी की शान में चार चांद लगाने वाले जवाहर गार्डन को आधुनिक रूप से और सुंदर बनाने के लिए निरंतर कार्य करवाए जा रहे हैं। सदस्यों ने इसके लिए कैंट बोर्ड का आभार जताया।


