अमृतसर| शहर की आईडीएच मार्केट में स्थित गलियों पर कई दुकानदारों द्वारा अवैध अतिक्रमण किए जाने की समस्या गंभीर रूप लेती जा रही है। सुबह दुकान खुलने से लेकर शाम तक कई जगहों पर दुकानदारों द्वारा सामान रखकर सरकारी रास्तों को घेर लिया जाता है। निजी स्वार्थ में की जा रही यह कब्जेधारी न सिर्फ नियमों की खुली अवहेलना है, बल्कि इससे सही तरह से व्यापार करने वाले अन्य दुकानदारों का नुकसान भी बढ़ रहा है। गलियों के अंदर स्थित दुकानदारों की शिकायत है कि अवैध अतिक्रमण के कारण खरीदार आगे तक पहुंच नहीं पाते, जिससे उनकी दुकानदारी बुरी तरह प्रभावित होती है। कटड़ा मित सिंह निवासी बरिंदर सिंह ने बताया कि आईडीएच मार्केट में उनकी दुकान नंबर 204 ए है, उनकी दुकान से निकलने वाली गली को कुछ दुकानदार निजी उपयोग के लिए घेर लेते हैं। इससे गली पूरी तरह बंद हो जाती है और ग्राहक आगे की दुकानों में नहीं पहुंच पाते। उन्होंने बताया कि इस संबंध में नगर निगम को लिखित शिकायत दी जा चुकी है, बावजूद इसके अतिक्रमण पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। यह न सिर्फ सरकारी नियमों का उल्लंघन है, बल्कि अंदरूनी दुकानों का कारोबार प्रभावित करने वाला गंभीर मुद्दा है। व्यापारियों ने मांग की है कि नगर निगम तुरंत कार्रवाई करते हुए अवैध अतिक्रमण हटवाएं और गलियों को पहले की तरह सुगम बनाया जाए। अवैध अतिक्रमण पर होगी कार्रवाई नगर निगम के एस्टेट अफसर धरमिंदर सिंह ने कहा कि दुकानदारों की ओर से उन्हें अतिक्रमण को लेकर शिकायत मिली है। उन्होंने इस संबंध में कई दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने के लिए भी कहा है। बावजूद इसके अगर फिर भी अवैध अतिक्रमण किया जा रहा है, तो कार्रवाई की जाएगी।


