राजनांदगांव| शहर के मोतीपुर वार्ड नं. 8 स्थित शाला परिसर में शिविर का आयोजन कर गणना फॉर्म भरवाया जा रहा है। मतदाता गणना पत्रक भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित गणना पत्रक में विधिवत् भरकर संबंधित क्षेत्रों के बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के माध्यम से एकत्रित किया जा रहा है, जिसके लिए शासन प्रशासन द्वारा नगरीय क्षेत्रों के वार्डों में मतदाता सहायता शिविर का आयोजन किया जा रहा है। मोतीपुर स्कूल परिसर में आयोजित ऐसे ही एक शिविर में प्रातः पहुंचकर महापौर मधुसूदन यादव ने वार्डवासियों एवं जनसामान्य से प्रत्यक्ष चर्चा कर मतदाताओं को गणना फॉर्म भरने में आ रही व्यवहारिक दिक्कतों को समझा एवं उनका निदान किया। महापौर ने मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण को राष्ट्रीय महत्व का कार्य बताते हुए मतदाताओं से इसमें सहभागिता की अपील की। इस अवसर पर महापौर के साथ भाजपा शहर उत्तर मण्डल उपाध्यक्ष मदन (मोन्टू) यादव, पार्षद मनोहर यादव एवं कमलेश बंधे, बूथ अध्यक्ष दीपक साहू एवं जयकिशन जंघेल, भाजपा कार्यकर्ता हीरा वर्मा, झलक साहू एवं अन्य साथी उपस्थित रहे और मतदाताओं को गणना पत्र भरवाने में मदद करते रहे।


