सभी वार्डों में एक समान राशि से होंगे काम नाली और सड़क निर्माण कराने पर फोकस

भास्कर न्यूज| अंबागढ़ चौकी नगर पंचायत की सामान्य सभा में अधोसंरचना मद से नगर के विभिन्न वार्डों में दो करोड़ के विकास कार्यों को कराने की अधिकृत मंजूरी मिल गई। सामान्य सभा से हरी झंडी मिलने के बाद अब अधोसंरचना मद की राशि प्राप्त करने के लिए प्रशासकीय स्वीकृति मिलने का रास्ता भी साफ हो गया है। नगरीय प्रशासन विकास विभाग ने नगर पंचायत अंबागढ़ चौकी को अक्टूबर के पहले सप्ताह अधोसंरचना मद से दो करोड़ रुपए की प्राविधिक स्वीकृति दी थी। नगर में वि​िभन्न विकास कार्यों के लिए मिली राशि के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी ने सामान्य सभा में परिषद को मिली मंजूरी की जानकारी दी थी। सभी पार्षदों को इस योजना के अंतर्गत अपने-अपने वार्डों से पांच-पांच लाख के नाली व सड़क से जुड़े विकास कार्यों को प्रस्ताव प्रस्तुत करने का निर्देश दिया था। इधर पार्षदों की ओर से प्रस्ताव मिलने के बाद नगर पंचायत की सामान्य सभा रखी गई। सामान्य सभा में नगर पंचायत परिषद ने सभी वार्डों में पांच-पांच लाख व शेष राशि में नगर विकास से जुड़े आवश्यक अन्य कार्यों को संपन्न कराने की मंजूरी दे दी। नपं अध्यक्ष मानिकपुरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में सीएमओ चिजय पांडे, उपयंत्री योगेश्वर सिंह ठाकुर, उपाध्यक्ष पवन गुप्ता, पार्षद खेदीबाई अमिला, सुरेश नेताम, रितेश मेश्राम, दिलीप कुंभकार, विनोद डेहरिया, गोपीचंदा देवांगन, उषा यादव, मुकेश सिन्हा, झरनेश कुंभकार, कविता यादव, किशुन पटेल, उमा निषाद, काशी निषाद उपस्थित थे। नगर पंचायत में प्रथम तल का होगा निर्माण: नपं अध्यक्ष के प्रस्ताव पर सामान्य सभा में नगर पंचायत परिषद ने नगरीय निकाय कार्यालय में कक्ष की कमी व परेशानियों को देखते हुए अधोसंरचना मद से निकाय भवन में प्रथम तल निर्माण के लिए मंजूरी दे दी। जबकि दूसरे प्रस्ताव में नगर के मुख्य मार्ग में बजरंग चौक, गांधी चौक से बाजार तक मेन रोड के डामरीकरण करने के प्रस्ताव को सभी पार्षदों ने पारित कर दिया। इसके अलावा प्राथमिकता के आधार पर शेष राशि से पंडित दीनदयाल उपाध्याय भवन का जीर्णोद्धार, शॉपिंग काम्पलेक्स का मरम्मत, नया बस स्टैंड में सड़क निर्माण, पेयजल समस्या के निराकरण के लिए प्रभावित वार्डों में बोर खनन कराने के कार्यों को मंजूरी मिल गई। बाजार की 19 दुकानें आवंटित होगी: दो दशक पूर्व साप्ताहिक बाजार स्थल में मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना अंतर्गत बनी 19 दुकानें को एक बार फिर पुनः आवंटित करने की प्रक्रिया शुरू करने की मंजूरी सामान्य सभा से मिल गई है। यह दुकानें आवंटित नहीं होने व प्रारंभ नहीं होने से यह देखरेख के अभाव में जर्जर व जीर्ण शीर्ण हो गई है। निकाय का आय बढ़ाने तथा बाजार की रौनक लौटाने के लिए नपं अध्यक्ष द्वारा लाए गए प्रस्ताव को परिषद ने मंजूरी दे दी। मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना अंतर्गत निर्मित दुकानें 18 से 40 वर्ष की आयु वर्ग वाले शिक्षित बेरोजगारों को ही आवंटित किया जाना है। इन दुकानों को एसटी, एससी, ओबीसी, अल्पसंख्यक, दिव्यांग, भूतपूर्व सैनिक, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के परिवार को आवंटित किया जाना है। नगर पंचायत के लिए 11 करोड़ की लागत से स्वीकृत समूह जल आवर्धन योजना अपूर्ण है। छह वर्ष पूर्व स्वीकृत हुए इस योजना में पिछले पांच वर्ष काम ही नहीं हुआ। नपं अध्यक्ष मानिकपुरी ने समूह जल आवर्धन योजना के क्रियान्वयन करने के लिए पुनः काम करना शुरू कर दिया। इंटेकवेल निर्माण के लिए निजी जमीन का अधिग्रहण करने की कार्यवाही शुरू कर दी है। वहीं डब्लूटीपी का कार्य 60 प्रतिशत पूर्ण हो गया है। पाइप लाइन बिछाने का कार्य भी नगर में 5 किमी. से अधिक पूर्ण हो गया है। फिलहाल प्रभावित वार्डों में नलकूप के माध्यम से पेयजल आपूर्ति होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *