भास्कर न्यूज | झुमरीतिलैया झामुमो जिला युवा मोर्चा विस्तार को लेकर रविवार को झुमरीतिलैया के ब्लॉक रोड स्थित साहू धर्मशाला में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष मोहम्मद सद्दाम व संचालन युवा मोर्चा जिला सचिव छोटू कुमार यादव एवं अमर कुमार परमार ने किया। बैठक में जिला अध्यक्ष वीरेंद्र पांडे, जिला प्रवक्ता वीरेंद्र मिश्रा तथा नगर अध्यक्ष दीपक विश्वकर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक में युवाओं की सहभागिता बढ़ाकर संगठन विस्तार को गति देने पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही हेमंत सरकार द्वारा जनहित में जारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। जिला प्रवक्ता वीरेंद्र मिश्रा ने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की मजबूत नींव होते हैं और समाज को जागरूक करने में उनकी भूमिका अहम है। जिला अध्यक्ष वीरेंद्र पांडे ने सरकार की विकासपरक नीतियों एवं कार्यशैली पर प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक युवाओं को पार्टी से जोड़ने की आवश्यकता बताई। इस मौके पर जिला अध्यक्ष को उपायुक्त द्वारा झारखंड आंदोलनकारी के रूप में सम्मानित किए जाने पर संगठन की ओर से भी सम्मान प्रदान किया गया। बैठक में विभिन्न दलों को छोड़कर कई लोगों ने झामुमो की सदस्यता ग्रहण की, जिन्हें अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। युवाओं ने पार्टी की नीतियों में आस्था जताते हुए बेहतर कार्य करने का संकल्प लिया। मौके पर युवा जिला उपाध्यक्ष बसंत पासवान, मरकचू प्रखंड सचिव विकास कुमार, उपाध्यक्ष एजाज मोहसिन, रोशन कुमार राम, नवाब अंसारी, तनवीर आलम, वारिस अंसारी, किशन कुमार शर्मा, विकास कुमार यादव, मोहम्मद इसराइल, विद्यानंद पांडे, अजीत कुमार दास, सहित अन्य लोग मौजूद थे। भास्कर न्यूज | कोडरमा जिले के चंदवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत बाजार निवासी दर्शील बरनवाल उर्फ सोनू (उम्र 24) पिछले 19 नवंबर की शाम से रहस्यमय तरीके से लापता है। परिजनों की तमाम कोशिशों के बावजूद युवक का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। रविवार को युवक के परिजन, रिश्तेदार और मोहल्लेवाली बड़ी संख्या में बैनर-पोस्टर लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और लापता युवक की सकुशल बरामदगी की मांग की। कार्यालय बंद होने पर सभी लोग एसपी आवास पहुंचे और वहां ज्ञापन सौंपा। मां विमला देवी ने बताया कि उनका बेटा 19 नवंबर को शाम 7 बजे घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। उसका मोबाइल भी उसी समय से बंद है। परिजन खुद कई जगह खोजबीन कर चुके हैं, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। 20 नवंबर को ही चंदवारा थाना में लिखित आवेदन दिया गया था, लेकिन परिवार का आरोप है कि पुलिस की ओर से खोजबीन में अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।मां ने आशंका जताई कि 1 वर्ष पूर्व हुए विवाद के दौरान महुगाई निवासी पवन यादव और चंदवारा निवासी सूरज रजक ने उनके परिवार को जान से मारने और बर्बाद करने की धमकी दी थी। दोनों युवक हाल ही में जेल से छूटे हैं, इसलिए परिजन उन्हें इस मामले में संदिग्ध मान रहे हैं।परिजनों ने बताया कि दर्शील की 29 नवंबर को शादी तय थी। समय बीतने के साथ परिवार अनहोनी की आशंका के साये में जी रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस मोबाइल लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज व आसपास के इलाकों में खोज की बात तो कह रही है, लेकिन अब तक अपहरण के एंगल से जांच शुरू नहीं की गई है।परिवार ने तत्काल एसआईटी गठित कर युवक की खोज तेज करने, संदिग्धों से कड़ी पूछताछ करने और पुलिस की निष्क्रियता की जांच की मांग की है। वहीं पुलिस सूत्रों के अनुसार डीएसपी और प्रशिक्षु डीएसपी मामले में तकनीकी व जमीनी स्तर पर जांच कर रहे हैं।


