भास्कर न्यूज | चतरा चतरा-रांची मुख्य सड़क पर पाराडीह के पास बीती शाम हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक बिनोद यादव की हजारीबाग सदर अस्पताल में इलाज के दौरान रविवार को मौत हो गई। युवक की मौत की सूचना मिलते ही ग्रामीण आक्रोशित हो गए और पाराडीह के समीप मुख्य सड़क को जाम कर दिया। आक्रोशित लोगों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा एवं दोषी मोटर साइकिल चालक पर कार्रवाई की मांग की।ग्रामीणों के जाम करने से तकरीबन एक घंटे तक रांची-चतरा मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। यातायात पूरी तरह ठप हो गया, जिससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सदर अंचल अधिकारी एवं थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों को उचित सरकारी सहायता का आश्वासन देते हुए दोषी पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। प्रशासनिक अधिकारियों की आश्वासन के बाद आक्रोशित लोगों ने जाम हटाया ।


