धमतरी ज्वेलर्स गोलीकांड… 6 महीने बाद 2 गिरफ्तार:भिंड से पकड़े गए आरोपी, लूट के इरादे से की थी फायरिंग, 1 आरोपी की तलाश जारी

छत्तीसगढ़ के धमतरी में एक ज्वेलर्स दुकान में हुई गोलीबारी के मामले में करीब सात महीने बाद पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है। इन आरोपियों को भिंड से पकड़ा गया है। ये आरोपी लूट के इरादे से दुकान में घुसे थे। आवाज सुनकर पहुंची संचालक की बेटी के पैर में गोली मार दी थी। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के बरड़िया ज्वेलर्स की है। 13 मई 2025 की रात करीब 8 बजे दो नकाबपोश बदमाश दुकान के अंदर घुसे और शटर बंद कर दिया। उन्होंने संचालक भंवरलाल बरड़िया को पिस्टल दिखाकर डराया और लूट का प्रयास किया। इसी दौरान संचालक की बेटी आवाज सुनकर दुकान में पहुंची। जिस पर आरोपियों ने पिस्टल से फायर कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद वे शटर खोलकर मौके से फरार हो गए। इस मामले में कोतवाली थाने में केस दर्ज किया गया था। शुरुआत में डॉग स्क्वॉड और भारी पुलिस टीम सहित साइबर टीम ने जांच की, लेकिन छह महीने तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद साइबर टीम ने नए सिरे से जांच शुरू की। सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज की जांच घटना स्थल और आसपास के क्षेत्रों, सरहदी जिलों और मुख्य मार्गों पर लगे सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। इसके आधार पर साइबर टीम की अलग-अलग टीमें गोवा (महाराष्ट्र), नागपुर (महाराष्ट्र) और रायगढ़ (छत्तीसगढ़) भेजी गईं। गोवा से भिंड (मध्य प्रदेश) भाग रहे एक आरोपी को नागपुर, महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया गया। नंबर बदलते हुए अलग-अलग जगहों पर छिपते रहे एसपी सूरज सिंह परिहार ने बताया कि हथियारबंद बदमाश लूट के इरादे से ज्वेलर्स दुकान में घुसे थे। वारदात के समय उन्होंने अपने मोबाइल बंद कर दिए थे और लगातार नंबर बदलते हुए अलग-अलग जगहों पर छिपते फिर रहे थे। आरोपी धमतरी की खबरों पर भी नजर रख रहे थे और सोशल मीडिया पर एक्टिव थे। एसपी ने बताया कि इस वारदात में कुल तीन आरोपी शामिल थे, जिनमें से दो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपी भिंड के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनके पास से एक एयर पिस्टल और छर्रे भी बरामद किए हैं। आरोपी ट्रक ड्राइवर थे एसपी ने बताया कि आरोपी ट्रक ड्राइविंग का काम करते थे और फ्लाई ऐश लेकर उसी रोड से गुजरते थे। इसी दौरान उनकी नजर अक्सर रायपुर रोड स्थित पावर हाउस के पास मौजूद बरड़िया ज्वेलर्स पर रहती थी। उन्होंने देखा था कि दुकान संचालक अक्सर अकेले रहते हैं, जिसके बाद उन्होंने वारदात की योजना बनाई। मामले में गिरफ्तार आरोपियों में कुंवर सिंह भदौरिया (3) और अमरपाल सिंह (30) के नाम शामिल है। जिन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज गया है। जबकि फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *