राजधानी में दिन में पड़ रही कड़ाके की ठंड से बुधवार को राहत मिली। दिन का पारा 5.4 डिग्री बढ़कर 19.4 डिग्री पहुंच गया। वहीं मंगलवार रात सीजन की सबसे ठंडी रही। पारा 2.4 डिग्री लुढ़ककर 5.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं, अगर पूरे जनवरी माह के मौसम के मिजाज की बात करें तो भीषण कड़ाके की ठंड इस बार नहीं पड़ेगी। मौसम के पूर्वानुमान के मुताबिक पूरे महीने तापमान सामान्य रहने का अनुमान है। ऐसे में शीतलहर से राहत मिलेगी और सर्द हवा का असर कम रहेगा। मौसम विभाग जयपुर निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि जनवरी में सामान्य न्यूनतम तापमान 8.4 और अधिकतम 22.5 डिग्री है। इस बार भी तापमान सामान्य ही रहेगा। जनवरी में औसत बारिश 5.9 मिमी है, लेकिन मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सिस्टम नहीं बनने से बारिश का आंकड़ा इससे कम रहने की संभावना है। पहले हफ्ता- अगले 24 से 48 घंटे में कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सिस्टम बनेगा। इससे केवल बादल छाए रहने के आसार हैं, बारिश की संभावना कम है। इस दौरान दिन-रात का पारा 2 से 4 डिग्री बढ़ने का अनुमान है। शीतलहर से भी दो दिन में राहत मिलेगी। अधिकतम तापमान 20 से 21 और न्यूनतम 8 से 10 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। दूसरा हफ्ता- सिस्टम गुजरने के बाद 8 से 14 जनवरी के बीच रात का पारा 2 से 3 डिग्री लुढ़क सकता है। मौसम साफ होते ही दिन में अच्छी धूप खिलेगी और पारा बढ़ने का अनुमान है। शीतलहर का अनुमान कम है। अधिकतम तापमान 22 से 25 से न्यूनतम 9 से 12 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। नया सिस्टम एक्टिव होगा, लेकिन बारिश नहीं होगी, पारा 2-4 डिग्री चढ़ेगा तीसरे हफ्ता- 15 जनवरी से मौसम साफ रहने की संभावना है। उत्तरी हवाओं का प्रभाव भी कम रहेगा। इससे तापमान में बढ़ोतरी का दौर जारी रहने की अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार आखिरी दो हफ्ते भी मावठ नहीं होगी। इस दौरान दिन का पारा 22 से 25 और रात में 12 से 15 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। चौथा हफ्ता- 22 से 30 जनवरी के बीच शीतलहर, ओले, बारिश जैसा कोई सिस्टम फिलहाल बनता नजर नहीं आ रहा है। आखिरी हफ्ते में मौसम शुष्क रहने के साथ अच्छी खासी धूप खिलेगी। इसके चलते दिन का तापमान 22 से 25 डिग्री और रात का 15 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।


