गिरिडीह में ट्रक लूटकर ड्राइवर की हत्या मामला:तीन गिरफ्तार, लूटा कंटेनर और हत्या में प्रयुक्त रॉड बरामद

गिरिडीह पुलिस ने बगोदर थाना क्षेत्र में ट्रक चालक की हत्या और लूट के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर लूटा गया छड़ लदा कंटेनर, हत्या में इस्तेमाल रॉड, जीपीएस, नकदी, मृतक के कपड़े और बैग सहित अन्य सामान बरामद किए गए हैं। बगोदर सरिया एसडीपीओ धनंजय कुमार राम ने बताया कि 18 नवंबर 2025 को सुबह करीब 9:30 बजे जीटी रोड किनारे संतुरपी के पास जंगल में एक अज्ञात शव मिला था। पुलिस जांच में मृतक की पहचान धीरज कुमार (पिता- फुलेन यादव), निवासी- लदौरा, थाना अलौली, जिला खगड़िया (बिहार) के रूप में हुई। परिजनों ने ट्रक लूटकर हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए बगोदर थाना में कांड संख्या 294/25 दर्ज कराया था। समस्तीपुर से तीन पेशेवर अपराधियों को बुलाया था जांच के दौरान पता चला कि मृतक चालक धीरज को उसके परिचित जैनुल खान और दाउद खान ने साजिश के तहत बगोदर बुलाया था। गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने ट्रक लूटने और चालक की हत्या के लिए बिहार के समस्तीपुर से तीन पेशेवर अपराधियों को बुलाया था। योजना के तहत, धीरज को शराब और गांजा पीने के बहाने जंगल में ले जाया गया, जहां रॉड से पीटकर उसकी हत्या कर दी गई और शव वहीं फेंक दिया गया। हत्या के बाद, अपराधी छड़ से लदे कंटेनर को बेचने के इरादे से बिहार ले जा रहे थे। हालांकि, पुलिस के बढ़ते दबाव के कारण वे वाहन को दुमका के हसडीहा टोल के पास छोड़कर फरार हो गए। बाद में पुलिस ने कंटेनर बरामद कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में जैनुल खान उर्फ अरमान (27), निवासी हुसैन नगर (जरमुने), थाना बगोदर; द्वारिका सिंह (29), निवासी गहीला मरिचा, थाना हलाई, जिला समस्तीपुर (बिहार); और दाउद खान (19), निवासी हुसैन नगर (जरमुने), थाना बगोदर शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और जल्द ही पूरे गिरोह को पकड़ लिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *