2025 के दूसरे दिन, गुरुवार को नर्मदापुरम में सीजन का पहला घना कोहरा छाया। विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम रह गई। बर्फीली और सर्द हवा चलने से कड़ाके की ठंड ने पूरे शहर को कंपकपा दिया। तापमान गिर गया। 24 घंटे में नर्मदापुरम शहर में 3.1 डिग्री और हिल स्टेशन पचमढ़ी में 7.6 डिग्री तापमान गिरा है। बुधवार को भी नर्मदापुरम कोल्ड डे रहा। सुबह से रात तक तेज सर्दी पड़ी। सीजन में पहली बार नर्मदापुरम का दिन का तापमान हिल स्टेशन पचमढ़ी से 4.4 डिग्री कम, 19.9 डिग्री दर्ज हुआ। गुरुवार को भी इसी तरह का मौसम बना हुआ है। सुबह 9.30 बजे के बाद धूप निकलने पर कोहरा कम हुआ। लेकिन शीतलहर जारी है। ठंड से बचने लोग गर्म कपड़े पहनकर निकल रहे हैं। सीजन में पहली बार पचमढ़ी से भी ठंडा रहा शहर
नर्मदापुरम में बुधवार को दिन का तापमान 19.9 डिग्री दर्ज हुआ। हिल स्टेशन पचमढ़ी में दिन का तापमान 24.3 डिग्री दर्ज हुआ। इस तरह दिन का तापमान 4.4 डिग्री कम रहा है। एक दिन पहले नर्मदापुरम का तापमान 22.2 डिग्री था। रात का तापमान 12.6 डिग्री दर्ज हुआ है। गुरुवार को न्यूनतम तापमान पचमढ़ी में 3.4 डिग्री और नर्मदापुरम में न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री दर्ज हुआ। ठंडी हवा ने कपकपाया
मौसम विभाग के वैज्ञानिक प्रमेंद्र कुमार ने बताया पश्चिमी विक्षोभ और ऊपर से आ रही ठंडी हवा के कारण ऐसा हो रहा है। जम्मू-कश्मीर सहित अन्य जगहों पर हो रही बर्फबारी के कारण ठंडी हवा चल रही है। गुरुवार को भी शीतलहर जारी है। जिले में जितनी ठंड ज्यादा पड़ेगी उतनी फसल के लिए अच्छी रहेगी। कृषि उप संचालक जेआर हेडाऊ ने बताया कि ठंड पड़ने से फसल को ज्यादा फायदा होगा। गेहूं की ग्रोथ बेहतर होगी। शहर में छाए कोहरे की झलकियां…


