पलामू जिले के पाटन थाना क्षेत्र के सखुई गांव में एक व्यवसायी के घर लूटपाट के दौरान ग्रामीणों ने एक लुटेरे को पकड़ लिया। व्यवसायी दिना प्रसाद उर्फ धीरेंद्र प्रसाद के दुकान सह मकान में रविवार रात यह घटना हुई, जहां पूरे परिवार को बंदूक की नोक पर बंधक बना लिया गया था। इधर, ग्रामीणों की पिटाई से घायल लुटेरे को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पकड़े गए अपराधी की पहचान उत्तर प्रदेश के निवासी के रूप में हुई है। उसे किशुनपुर स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद एमएमसीएच के कैदी वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस उससे पूछताछ कर उसके फरार साथियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। लूटपाट की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई सदर एसडीपीओ मणि भूषण प्रसाद ने बताया कि एक अपराधी को गिरफ्तार किया गया है और दो हथियार बरामद हुए हैं। रविवार रात तीन लुटेरे एक कार से व्यवसायी दिना प्रसाद के घर में घुसे थे। उन्होंने परिवार के सदस्यों को बंधक बनाकर लूटपाट की। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें डकैत हथियार लिए हुए दिख रहे हैं। लोग जुटने लगे तो दो अन्य अपराधी कार से भाग निकले लूटपाट के दौरान मौका पाकर दिना प्रसाद अपराधियों से भिड़ गए। उन्होंने खुद को बचाते हुए एक लुटेरे को पकड़ लिया और शोर मचाना शुरू कर दिया। आसपास के लोग जुटने लगे, तो दो अन्य अपराधी अपने साथी और हथियार छोड़कर कार से फरार हो गए। वे दो सोने की चेन, दुकान की चाबी और दो मोबाइल फोन लेकर भागने में सफल रहे। मौके पर जुटी भीड़ ने पकड़े गए अपराधी की जमकर पिटाई की, जिससे वह लहूलुहान हो गया। ग्रामीणों ने दोनों हथियार और गोलियां भी जब्त कर लीं। सूचना मिलने पर पाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अपराधी को अपनी गिरफ्त में लेकर बरामद हथियार अपने कब्जे में ले लिया।


