पूर्व महापौर ने निगमकर्मियों को दी गालियां,रुकवाया सड़क-मेंटनेंस का काम:निगम के दोहरे रवैये पर भड़के डा. अजय तिर्की, महापौर मंजूषा बोलीं-गाली देना ठीक नहीं

नगर निगम अंबिकापुर क्षेत्र में सड़क निर्माण को लेकर दोहरे रवैये को लेकर पूर्व महापौर डा. अजय तिर्की भड़क गए। उन्होंने सड़क मेंटनेंस करा रहे निगम कर्मियों को मरम्मत कार्य रोकने कहा, जब निगम कर्मियों ने काम नहीं रोका तो भड़के डा. अजय तिर्की ने उन्हें गाली भी दी। पूर्व महापौर के तेवर देखकर सहमे निगम कर्मी एवं ठेकेदार के कर्मी काम बंद कर भाग निकले। मामले में महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि पूर्व महापौर को गाली नहीं देना चाहिए। वे विकास देखकर बौखला गए हैं। जानकारी के मुताबिक, निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं ठेकेदार के कर्मी नावापारा में उखड़ी हुई सड़क में काम करने पहुंचे थे। जब वार्डवासियों ने जानकारी ली तो पता चला कि खस्ताहाल सड़क के मरम्मत का काम स्वीकृत हुआ है। पूरी सड़क में टायरिंग नहीं होगी, बल्कि सिर्फ गड्ढे भरे जाएंगे। इसकी जानकारी पार्षद को मिली तो वे उन्होंने इसकी जानकारी डा. अजय तिर्की को दी और रात को सभी मौके पर पहुंचे। सिर्फ गड्ढे भरने पर भड़के डा. तिर्की, दी गाली
निगम के अधिकारियों ने बताया कि नावापारा तिराहे से शिव मंदिर होकर चर्च एवं आगे की सड़क के सिर्फ मरम्मत का काम स्वीकृत हुआ है। यह सड़क बारिश में क्षतिग्रस्त हो गई थी एवं गड्ढों से लोग परेशान थे। वहीं नवापारा हास्पिटल के सामने से ग्रामीण बैंक तक भी सड़क पर सिर्फ गड्ढे भरे जाएंगे। डा. अजय तिर्की ने सड़क में सिर्फ मेंटनेंस को लेकर सवाल किया तो निगमकर्मी बोले कि गड्ढों को भरा जा रहा है। सिर्फ यही काम स्वीकृत हुआ है। इसपर भड़के डा. तिर्की ने काम रोकने कहा। निगमकर्मी इसके लिए तैयार नहीं हुए तो भड़के पूर्व महापौर ने गालियां दी और धमकाया कि उन्हें पीटा जाएगा। सहमे निगमकर्मी व ठेका कर्मी काम बंद कर चले गए। निगम के दोहरे रवैये पर आपत्ति
जिस सड़क पर सिर्फ मरम्मत का काम स्वीकृत हुआ है, वह कांग्रेसी पार्षद का वार्ड है। पूर्व महापौर ने कहा कि निगम की सत्तासीन भाजपा द्वारा दोहरा रवैया अपनाया जा रहा है। जहां भाजपा पार्षद हैं, वहां नई सड़क बनाई जा रही है। जहां कांग्रेस पार्षद हैं, वहां सिर्फ खानापूर्ति का काम हो रहा है। डा. तिर्की ने कहा कि राष्ट्रपति के दौरा कार्यक्रम के दौरान सिर्फ वहां नई सड़क बनाई गई, जहां से राष्ट्रपति का काफिला गुजरना था। शेष सड़क में लोग धूल खा रहे हैं और गड्ढों से परेशान हैं। सुनने वाला कोई नहीं है। मंत्री राजेश अग्रवाल से गुजारिश है कि जनता के साथ दोहरा रवैया न अपनाया जाए। महापौर मंजूषा की बेतुका दलील, विकास से बौखलाए
मामले में महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि पूर्व महापौर डा. तिर्की को गाली नहीं देनी चाहिए थी। यह अशोभनीय है। वे 10 सालों तक निगम के महापौर रहे हैं। साथ ही मंजूषा ने बेतुका दलील दी कि निगम क्षेत्र में कुछ ही महीनों में करोड़ों के विकास कार्य स्वीकृत हुए हैं, जिससे पूर्व महापौर बौखलाए हुए हैं। निगम पर पक्षपात के आरोप, सामान्य सभा में भी उठा था मुद्दा
निगम क्षेत्र में विकास कार्यों में दोहरा मापदंड का मुद्दा निगम की सामान्य सभा में भी उठा था और इसे लेकर हंगामा हुआ था। विपक्ष का आरोप है कि कांग्रेसी वार्डों के लिए विकास कार्य की राशि कम दी जा रही है। वहीं भाजपा पार्षदों वाले वार्डों में भरपूर काम स्वीकृत हुए हैं। निगमकर्मियों को गाली देने वाले डा. अजय तिर्की पेश से चिकित्सक हैं। वे सौम्य एवं सभ्य नागरिक माने जाते हैं। उनका यह रवैया पहली बार सार्वजनिक तौर पर देखा एवं सुना गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *