बालाघाट में छत्तीसगढ़ के बुजुर्ग का शव टुकड़ों में मिला:कमर के ऊपर का हिस्सा गायब था, टाइगर के हमले की आशंका

बालाघाट जिले के कान्हा राष्ट्रीय उद्यान के सुपखार जंगल क्षेत्र में एक वृद्ध का शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला है। आशंका जताई जा रही है कि किसी हिंसक वन्यप्राणी, संभवतः टाइगर ने उनका शिकार किया है। गढ़ी पुलिस ने सोमवार को शव बरामद कर पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। मृतक की पहचान छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के चिल्पी निवासी 65 वर्षीय गुणीराम यादव के रूप में हुई है। गुणीराम के बेटे बुधराम ने 23 नवंबर को चिल्पी थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। बेटे ने बताया था कि गुणीराम 22 नवंबर को दोपहर करीब ढाई बजे मवेशी ढूंढने के लिए निकले थे और तब से घर नहीं लौटे। कमर के ऊपर का हिस्सा खा गया जानवर पुलिस उनकी तलाश कर रही थी, इसी बीच गढ़ी थाना क्षेत्र के सुपखार रेंज के जंगल में गुणीराम यादव का क्षत-विक्षत शव देखा गया। शव का कमर के ऊपर का हिस्सा पूरी तरह से गायब था। गढ़ी थाना प्रभारी भूपेन्द्र पंद्रो ने बताया कि परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, गुणीराम यादव 22 नवंबर की दोपहर को अपने मवेशी ढूंढने सुपखार रेंज के जंगल की ओर गए थे। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चला था। उन्होंने पुष्टि की कि शव बरामद कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि जिस तरह से शव मिला है, उससे किसी हिंसक वन्यप्राणी के शिकार किए जाने की आशंका है। जंगल में मिले खून से सने कपड़ों से शव की पहचान की गई। फिलहाल, पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *