नीमराना में खड़ी कार में लगी आग, VIDEO:सिटी सेंटर की पार्किंग में खड़ी कर जिम करने गया था युवक

नीमराना में पार्किंग में खड़ी कार (पेट्रोल) में अज्ञात कारणों से आग लग गई। जिससे कार पूरी तरह जल गई। हादसे के समय कार मालिक जिम करने गया हुआ था। आस-पास के लोगों ने आग लगती देख फायर ब्रिगेड को सूचना दी। घटना नीमराना सिटी सेंटर पार्किंग में गुरुवार सवेरे करीब 9 बजे की है। नीमराना फायर स्टेशन के फायर ऑफिसर मेघराज यादव ने बताया कि हिमांशु सैनी निवासी माधोसिंहपुरा की कार में अज्ञात कारणों से आग लग गई। हिमांशु गुरुवार सवेरे नीमराना सिटी सेंटर कार को पार्किंग में खड़ी कर बिल्डिंग में ऊपर जिम करने चला गया था। इतने में कार में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। तेज धुआं उठता देख हिमांशु और उसके साथी नीचे आए तो कार में आग फैल चुकी थी। उन्होंने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। हालांकि सुबह का समय होने के चलते ज्यादा भीड़ नहीं थी और आस-पास दूसरे वाहन नहीं होने से जान-माल की कोई हानि नहीं हुई, लेकिन कार पूरी तरह जल गई। घटना की जानकारी मिलते ही नीमराना फायर स्टेशन से फायर ब्रिगेड तुरंत मौके पर पहुंची। दमकलकर्मी मनीष, अतुल, मोनू, अंकित, भविष्य, दीपक ने आग फैलने से रोका। आगजनी की सूचना पर नीमराना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फायर ऑफिसर मेघराज यादव ने बताया कि नीमराना कस्बे में बड़े-बड़े शॉपिंग मॉल तथा हाउसिंग सोसायटी है, लेकिन फायर सेफ्टी उपकरण नहीं लगने से ऐसी घटनाओं पर काबू पाने में परेशानी आती है। यहां पर सेफ्टी उपकरण तो लगाया गया था लेकिन पानी उपलब्ध ही नहीं था, अगर सेफ्टी उपकरण सुचारू रूप से चालू होता तो गाड़ी की आग बुझाई जा सकती थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *