भूपालपुरा थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई कर 30 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। 6 दिन पहले वापस गठित हुई नई डीएसटी टीम ने यह पहली कार्रवाई की है। दूसरी तरफ सूरजपोल थाना पुलिस ने भी 3 ग्राम ड्रग्स बरामद कर दो आरोपी पकड़े है। भूपालपुरा थानाधिकारी मुकेश सोनी ने बताया कि डीएसटी और थाना पुलिस गश्त करते हुए सेवाश्रम पुलिया के नीचे पहुंची। जाब्ते को देख खड़ी कार को चालक लेकर भागने लगा। टीम ने कार रुकवाई और रतनगढ़ चूरू निवासी श्रवण सिंह की तलाशी ली। उसकी जेब से 30.31 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स का पाउच मिला। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर ड्रग्स जब्त की। आरोपी से ड्रग्स की खरीद-फरोख्त के बारे में पूछताछ की जा रही है। इधर, सूरजपोल थानाधिकारी रतनसिंह चौहान ने बताया कि बुधवार को देर रात जाब्ता गश्त के दौरान माछला मगरा रोड पर रेलवे कॉलोनी के पीछे पहुंचा। दो संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी में खेरादीवाड़ा निवासी मोहम्मद साबिर उर्फ साहिल से 1.53 ग्राम और कुंजरवाड़ी, धानमंडी निवासी मोहम्मद फरहान उर्फ फैसल से 1.63 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की है। आरोपियों ने मल्लातलाई निवासी आसिफ से ड्रग्स से खरीदना बताया। साबिर के खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में डकैती, आर्म्स एक्ट, हत्या का प्रयास और लूट के 7 मामले दर्ज है। आरोपियों से पूछताछ जारी है। दोनों मामलोंं में पुलिस का मानना है कि आरोपी ये ड्रग्स निजी इस्तेमाल या थर्टी फर्स्ट की पार्टियों में युवाओं को बेचने के लिए लाए थे। पूछताछ में हकीकत सामने आएगी।


