मुरैना में गुरुवार सुबह हल्का कोहरा छाया रहा, लेकिन दोपहर होते-होते तेज धूप निकल आई। हालांकि, बर्फीली हवाओं के कारण ठंडक का असर दिनभर बरकरार रहा। मौसम विभाग के अनुसार, जिले में 3 जनवरी तक मौसम इसी प्रकार रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, आज दिन का अधिकतम तापमान 18.5 और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। सुबह और शाम को कोहरा छाया रहने के बाद दिन में तेज धूप से राहत मिली, लेकिन बर्फीली हवाओं ने सर्दी का एहसास बढ़ा दिया। जानकारों का कहना है कि 1 जनवरी से ‘सूखी सर्दी’ की शुरुआत हो चुकी है। इसका असर साफ मौसम, हल्के कोहरे, और दोपहर में तेज धूप के साथ देखा जा रहा है। फसलों के लिए अनुकूल मौसम
सर्दी का मौजूदा तापमान गेहूं और सरसों की फसल के लिए फायदेमंद बताया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, कोहरा पाले से बचाव करता है। जब तक कोहरा बना रहेगा, पाले की संभावना नहीं है। अगर हवा बंद हो जाए और कोहरा खत्म हो जाए तो पाला पड़ने का खतरा बढ़ सकता है, जो फसलों को नुकसान पहुंचा सकता है। 3 जनवरी तक ऐसा ही रहेगा मौसम
मौसम विभाग का कहना है कि आगामी 3 जनवरी तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। सुबह हल्का कोहरा रहेगा और दोपहर में तेज धूप के साथ बर्फीली हवाएं चलेंगी। शाम के समय ठंड फिर से बढ़ जाएगी। यह स्थिति किसानों के लिए राहत लेकर आई है, क्योंकि कोहरे और धूप का यह संतुलन रबी की फसलों के लिए अनुकूल है। रात की ठंडक बढ़ा रही मुश्किलें
दिन में धूप निकलने के बाद लोगों को थोड़ी राहत मिल रही है, लेकिन सुबह और शाम को ठंड के कारण आम लोग खासकर गरीब तबका, जिन्हें गर्म कपड़े और हीटर जैसी सुविधाएं नहीं हैं, ठिठुरने को मजबूर हैं। रात में खुले में रहने वालों के लिए यह सर्दी बेहद कठिनाई भरी हो सकती है।


