इंदौर में चोरी की वारदातें:अनाज व्यापारी के घर घुसे चोर, सोमनाथ दर्शन से लौटे परिवार के घर भी लगाई सेंध

इंदौर के तिलक नगर में एक अनाज व्यापारी के घर चोरी की वारदात सामने आई है। आरोपी ने घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर चोरी की। जानकारी के अनुसार, व्यापारी परिवार पिछले पांच दिनों से बाहर था। पुलिस ने इस मामले में केस उस समय दर्ज किया, जब परिवार इंदौर वापस लौट कर थाने पहुंचा। पुलिस ने बताया कि आदिश पुत्र जीवनलाल जैन, जो उदय नगर निवासी और पेशे से अनाज व्यापारी हैं, 28 दिसंबर को अपने घर पर ताला लगाकर उदयपुर न्यू ईयर की पार्टी के लिए गए थे। जब वे घर वापस लौटे, तो उन्हें ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर जाकर देखा तो सामान अस्त-व्यस्त था और चोरी की घटनाएं सामने आईं। बदमाशों ने घर से लेडीज डायमंड रिंग, एक गोल्ड रिंग, चार कान की बालियां, एक सोने की चेन, दो डायमंड के सोने के पैडल, सोने की ध्वज, चांदी के सिक्के, सोने के पालिश किए हुए जेवर और करीब 35 हजार रुपए चोरी कर लिए थे। आदिश ने बुधवार थाने जाकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है। साेमनाथ से आए तो घर साफ मिला इंदौर के राजेन्द्र नगर में एक और चोरी की वारदात सामने आई है। सुशील शर्मा, जो ईशकुंज कालोनी, निहालपुर मुण्डी रोड के निवासी हैं, ने अज्ञात चोरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। सुशील ने बताया कि वह परिवार के साथ 25 दिसंबर को सोमनाथ, गुजरात दर्शन के लिए गए थे। 29 दिसंबर को उनका एचडीएफसी बैंक का कार्ड पुराने पते पर आया। जब ताऊ ने घर जाकर कार्ड लिया, तो उसने ताला टूटा हुआ पाया और अंदर किसी को नहीं देखा। इस पर उसने सुशील से फोन पर संपर्क किया और गुजरात में होने की जानकारी दी। जब सुशील परिवार के साथ इंदौर लौटे, तो घर की जांच करने पर पाया कि चोरों ने घर से दो सोने के मंगलसूत्र, दो जोड़ी सोने की कान की बालियां, दो सोने की अंगूठियां, बाइक की चाबी, कुछ चांदी के आभूषण और करीब 40 हजार रुपए नकद चोरी कर लिए थे। पुलिस अब मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके।
निजी कंपनी कर्मचारी के घर चोरी कनाड़िया क्षेत्र में एक और चोरी की घटना सामने आई है। निजी कंपनी के कर्मचारी प्रकाश हलधर के घर में चोरी हो गई। प्रकाश, जो भादवा माता मंदिर के पास मानवता नगर में रहते हैं, ने बताया कि उनकी पत्नी मायके गई हुई थीं। 31 दिसंबर को वह घर पर ताला लगाकर सुबह अपनी जॉब पर गए थे। शाम को करीब 7 बजे उनकी साली नुपुर ने फोन कर बताया कि घर का ताला टूटा हुआ है। जब प्रकाश मौके पर पहुंचे, तो देखा कि घर में घुसकर चोरों ने अलमारी से सोने-चांदी के आभूषण, एटीएम कार्ड और अन्य कीमती सामान चुरा लिया था। प्रकाश ने अपनी पत्नी से बात की, जिन्होंने कहा कि वह घर लौटकर ही यह बताएंगी कि और क्या सामान गायब है।
भोजनालय संचालक के यहां चोरी अन्नपूर्णा क्षेत्र में पवन, जो प्रिंकाको कॉलोनी में रहते हैं और भोलाराम उस्ताद मार्ग पर भोजनालय चलाते हैं, के घर चोरी की घटना सामने आई है। पवन ने बताया कि वह 31 दिसंबर को सुबह अपने भोजनालय पर चले गए थे, जबकि उनकी पत्नी बबीता मार्केट गई हुई थीं। जब पवन दोपहर में घर लौटे, तो उन्होंने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर उन्होंने पाया कि अलमारी से सोने के आभूषण, भगवान की मूर्तियां, चांदी की माला और अन्य कीमती सामान गायब थे। पवन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और थाने जाकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस अब इस चोरी की घटना की जांच कर रही है और चोरों की तलाश कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *