जालोर शहर सहित जिले भर में पेयजल उपभोक्ताओं को बकाया बिल जमा कराने होंगे। वरना उनका कनेक्शन काट दिया जाएगा। जयदाय विभाग बकाया राशि वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रहा है। गुरुवार को शहर में ऑटो पर लाउड-स्पीकर लगाकर आमजन से अपील की गई कि बकाया बिल जमा कराएं। यह ऑटो तीन दिन तक शहर में घूमेगा। इसके बाद बकाया बिल वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई अभियान शुरू किया जाएगा। अभियान के तहत कनेक्शन काटे जा सकते हैं। जन स्वास्थ्य अभियान्त्रिकी विभाग सिटी सहायक अभियन्ता राकेश कुमार सैनी ने बताया- जालोर शहर में पानी के बकाया बिल एवं अवैध कनेक्शनों को लेकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। प्रचार के लिए पारंपरिक तरीका अपनाया गया है। आज से जालोर शहर मे लगातार दिन दिन तक गली-गली में यह अपील की जाएगी कि बकाया बिल जमा कराएं और अवैध कनेक्शन हटाएं। इसके बाद भी उपभोक्ता बिल नहीं भरते हैं तो उनके विरूद्ध उचित कार्यवाही करते हुये जल कनेक्शन विच्छेद करने की एवं पीडीआर एक्ट के तहत कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।


