भास्कर न्यूज | जशपुरनगर अखिल विश्व गायत्री परिवार जशपुर के कार्यकर्ताओं ने शासकीय आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मॉडल स्कूल जशपुर के छात्रावास में व्यक्तित्व निर्माण युवा शिविर का कार्यक्रम आयोजित किया। इस अवसर पर बच्चों को व्यक्तित्व निर्माण के सूत्र, आदर्श दिनचर्या, सफलता के सूत्र एवं नशा मुक्ति के बारे में बताया गया। इस अवसर पर रवि गुप्ता ने बच्चों को व्यक्तित्व निर्माण के सूत्र बताते हुए कहा कि व्यक्तित्व दो प्रकार का होता है आंतरिक एवं बाह्य। हम अपने आंतरिक व्यक्तित्व को परिष्कृत करके ही अपने जीवन को महान बना सकते है। उन्होंने बच्चों को एक अच्छा इंसान बनने की प्रेरणा दी। उन्होंने बच्चों को अपने शरीर को स्वास्थ्य रखने, वाणी में शालीनता लाने वेशभूषा में सादगी और व्यवहार को अच्छा बनाने के लिए कहा। गुप्ता ने व्यक्तित्व निर्माण के लिए बच्चों को अपने जीवन में साधना, स्वाध्याय, संयम एवं सेवा को अपनाने की बात कही। इसके पश्चात निद्रावती चौहान ने बच्चों को स्वस्थ दिनचर्या के लिए प्रातः जागरण, ऊषा पान, योग आसान के बारे में बताते हुए ध्यान सिखाया। उन्होंने बच्चों को मार्कण्डेय ऋषि का उदाहरण देते हुए अपने से बड़ों को प्रणाम करने की प्रेरणा दी एवं बच्चों को विद्यार्थी के पांच लक्षण के बारे में पूछा जिसमें एक छात्र ने स्वयं आकर उसके बारे में बताया। इस दौरान राजेश्वरी साहू ने बच्चों को सफलता के सूत्र दिए जिसमे उन्होंने बच्चों को एकाग्रचित होकर पढ़ाई करने, खूब मेहनत करने, बार बार पुनरावृत्ति करते हुए पढ़ाई करने, दृढ़ संकल्प शक्ति, आत्म विश्वास बनाकर रखने एवं निरंतर प्रयास करने की बात कही। बच्चों को बताया गया नशे का दुष्प्रभाव इस दौरान रवि गुप्ता ने गुटखा, बीड़ी, सिगरेट, शराब तंबाकू आदि दुर्व्यसन के बारे में बताया गया और उनसे होने वाले बीमारियों के संबंध में एवं पूरी जानकारी दी एवं बच्चों को नशा मुक्ति के लिए संकल्प कराया। आयोजन में श्वेता दुबे ने बच्चों को अपने जीवन में सफलता के िलए अपने दिनचर्या को सही बनाकर सुनियोजित तरीके से पढ़ाई करने एवं महापुरुषों को अपने जीवन का आदर्श बनाकर लगन एवं मेहनत के साथ पढ़ाई करने की प्रेरणा दी।


