धुर्वा के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में 30 नवंबर को होने वाले भारत-दक्षिण अफ्रीका वनडे मैच के लिए टिकटों की ऑफलाइन बिक्री मंगलवार से होगी। टिकट बिक्री के लिए स्टेडियम के वेस्ट गेट के पास 6 काउंटर लगाए गए हैं। सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक काउंटर खुले रहेंगे। टिकट खरीदने के लिए आधार कार्ड अनिवार्य किया गया है। एक व्यक्ति अधिकतम दो टिकट खरीद सकेगा। जेएससीए ने महिला दर्शकों के लिए एक अलग काउंटर की व्यवस्था की है। वहीं, दो काउंटर ऑनलाइन टिकट बुक कराने वालों को टिकट उपलब्ध कराएंगे। शेष तीन काउंटर आम दर्शकों के लिए रखे गए हैं। आज पहुंचेंगे भारत के 5 खिलाड़ी, अन्य 27 को भारत के पांच खिलाड़ी हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, तिलक वर्मा, प्रसिद्ध कृष्णा और ऋतुराज गायकवाड़ मंगलवार को रांची पहुंचेंगे। सभी खिलाड़ी रांची एयरपोर्ट से सीधे रेडिसन ब्लू होटल जाएंगे। दोनों टीमें 27 नवंबर को रांची पहुंचेंगी, जबकि 28 और 29 नवंबर को जेएससीए स्टेडियम में अभ्यास सत्र आयोजित होगा। टिकट की कालाबाजारी पर कड़ी कार्रवाई जेएससीए उपाध्यक्ष संजय पांडे ने बताया कि टिकट बिक्री की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि टिकट की कालाबाजारी रोकने के लिए विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई है। यदि कोई व्यक्ति टिकट की ब्लैक मार्केटिंग करते पकड़ा जाता है, तो उसके पास से जब्त सभी टिकट रद्द कर दिए जाएंगे। पर्याप्त संख्या में टिकट उपलब्ध हैं। दर्शक लाइन में लगकर आराम से टिकट प्राप्त कर सकेंगे।


