लुधियाना| फिल्म ‘पिट सियापा’ को लेकर पंजाब में बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। मशहूर पंजाबी एक्ट्रेस सोनम बाजवा और उनकी फिल्म टीम पर सरहिंद की ऐतिहासिक मस्जिद में धार्मिक मर्यादाओं के खिलाफ जाकर शूटिंग करने का आरोप लगा है। मामले को लेकर पंजाब के शाही इमाम मोहम्मद उस्मान लुधियानवी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए इसे “बेअदबी की सारी हदें पार करना” बताया है। शाही इमाम ने एसएसपी फतेहगढ़ के नाम भेजी शिकायत में कहा कि फिल्म की शूटिंग रात के समय मस्जिद के अंदर की गई। आरोप है कि मस्जिद परिसर में खान-पान का आयोजन भी किया गया, जो धार्मिक मर्यादा के सख्त खिलाफ है। उन्होंने कहा, मस्जिद के बाहर स्पष्ट बोर्ड लगा है, जिसमें शूटिंग पर पाबंदी का फरमान चस्पा है। इसके बावजूद टीम ने दृश्य फिल्माए और रोकने के बावजूद भी शूटिंग नहीं रोकी। शाही इमाम ने कहा कि फिल्म के कुछ दृश्य धार्मिक आस्था के विरुद्ध हैं। मस्जिद पुरातत्व विभाग के अधीन है। उन्होंने अभिनेत्री सोनम बाजवा, डायरेक्टर व प्रोड्यूसर, शूटिंग की मंजूरी देने वाले अफसर के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की मांग की है।


