पल्लवी पटेल ने मंत्री जीजा आशीष को चोर-उचक्का कहा:​​​​​​​बोलीं- मेरे पिता की फोटो लगाकर दलाली कर रहे; 25-25 लाख लेने के सबूत हैं

सपा विधायक पल्लवी पटेल अपने जीजा और योगी सरकार के मंत्री आशीष पटेल के खिलाफ अभियान छेड़ दिया है। तकनीकी शिक्षा विभाग में लेक्चरर्स के प्रमोशन में किए गए घोटाले के लिए आशीष पटेल को जिम्मेदार बता रही हैं। दैनिक भास्कर ने पल्लवी पटेल से विशेष बातचीत की। उन्होंने आशीष पटेल को लेकर कहा- मेरे बाप की फोटो लगाकर, दलाली करके यहां तक पहुंचे हैं। भास्कर ने उनसे सवाल किए कि क्या वे सरकार के इशारे पर काम कर रही हैं? क्या अब भी सपा के साथ हैं? उनके नेता कौन हैं? इन सभी सवालों के पल्लवी पटेल ने बेबाकी से जवाब दिए। पढ़िए पूरा इंटरव्यू… सवाल- आशीष पटेल ने आप पर गंभीर आरोप लगाए हैं?
जवाब- निर्लज्जता की पराकाष्ठा है। मेरे बाप की फोटो लगाकर, मेरे बाप के नाम की दलाली कर, मलाई खाकर इस स्थान पर पहुंचे हैं। उसके बाद कह रहे हैं कि सरदार पटेल का वंशज हूं। मेरे पिता की जिंदगीभर की तपस्या है, कमेरा आंदोलन और अपना दल। उसे तोड़फोड़ दिया, बेचने का काम किया है। आज सरदार पटेल की आड़ ले रहे। सवाल- आपको धरना मास्टर की उपाधि दी है?
जवाब- धरना-प्रदर्शन, आंदोलन, पुलिस से मुठभेड़ और जेल जाना तो संघर्ष की निशानी है। जिन लोगों को मुफ्त में ही सब कुछ मिल गया हो, वे दूसरों के संघर्ष का मजाक ही उड़ा सकते हैं। सवाल- आपके टारगेट पर आशीष पटेल का विभाग ही क्यों?
जवाब- मैंने हमेशा कहा है कि भाजपा सरकार के किसी भी विभाग को उठा लीजिए, उसमें भयंकर भ्रष्टाचार, भयंकर लूट हुई है। संवैधानिक नियम-कानूनों की धज्जियां उड़ाई गई हैं। मेरे पास इस विभाग में पदोन्नति से जुड़े तमाम कागज आए। मैंने उनकी पड़ताल करने के बाद इस विषय को उठाया। मेरे पास विभाग को दस्तावेज आएंगे, सत्यापन में सही पाए जाएंगे तो उसे उठाऊंगी। मेरे टारगेट पर कोई ‌‌‌‌व्यक्ति विशेष नहीं है। मेरे टागरेट पर इतना है कि सरकारी कोष जनता की कमाई से बनता है। सवाल- आशीष पटेल ने कहा है कि मुझे कुछ हुआ तो STF जिम्मेदारी होगी?
जवाब- STF बड़ा जिम्मेदार ऑर्गनाइजेशन है, हर अपराधी को STF से डरना चाहिए। सवाल- आरोप है कि आप STF के एक अधिकारी के इशारे पर काम कर रही हैं?
जवाब- देखिए जो लोग खुद नोएडा के एक स्क्रिप्ट राइटर की स्क्रिप्ट पर काम कर रहे हैं। मुझे तो स्क्रिप्ट राइटर की बुद्धि पर दया आती है कि वह घोड़ों की रेस में गधों पर दांव लगा रहे। सवाल- आप भाजपा में शामिल होना चाहती हैं, लेकिन रास्ता गलत चुना, आपको मोदीजी के जरिए बात करनी चाहिए?
जवाब- मैं अखिलेशजी के विपक्ष में बहुत खुश हूं। विपक्ष में एक जिम्मेदार जनप्रतिनिधि होने के नाते अपनी भूमिका का निर्वहन कर रही हूं। सवाल- विधानसभा में आपको बात रखने का मौका नहीं दिया, क्या राज्यपाल कोई कार्रवाई करेंगी?
जवाब- राज्यपाल से मुलाकात में मैंने प्राविधिक शिक्षा विभाग के घोटाले के दस्तावेज दिए हैं। उन्होंने जो इंट्रेस्ट दिखाया, उससे लगता है कि सकारात्मक रिजल्ट निकलना चाहिए। राज्यपाल ने बस इतना कहा कि धैर्य रखिए। सवाल- आपके पास 25-25 लाख की लूट के सबूत है?
जवाब- मैंने जो सत्य है, उसे कहा है। जब इस बात की सच्चाई होगी तो वह निकलकर आएगी। अगर मुझसे पूछा जाएगा तो मैं अवश्य बताऊंगी। सवाल- आरोप है, आप योगी सरकार के कुछ लोगों के इशारे पर यह काम कर रहीं?
जवाब- सरकार खुद अपना भंडाफोड़ क्यों करेगी? हर सरकार अपने घोटालों को दबाने और बचाने का प्रयास करती है। मैंने सीधे-सीधे इस सूबे के मुख्यमंत्री योगीजी, जिनके नाम पर दोबारा नेतृत्व मिला था, उनसे सवाल किया था। साथ ही जांच कराने की मांग की थी। सवाल- आप क्या अभी भी सपा के साथ हैं ?
जवाब- मैं विपक्ष में हूं, विपक्ष की भूमिका निभा रही हूं। सवाल- आपके नेता कौन है?
जवाब- हमारा गठबंधन 2022 में समाजवादी पार्टी के साथ था। अखिलेश यादव ने ही हमारा गठबंधन खत्म किया था, लेकिन विपक्ष की भूमिका में तो मैं हूं। सवाल- विधानसभा में एक मौका ऐसा आया जब सपा आपके साथ खड़ी थी, क्या आगे भी सपा से गठबंधन होगा?
जवाब- 2022 में भी हमारी मुद्दों पर सहमति थी। जातिवार जनगणना लेकर साथ चले थे। सदन में भी पार्टी की बाध्यता समाप्त हो जाती है, विपक्ष की भूमिका होती है। जनहित से जुड़े सभी मुद्दों पर हम साथ खड़े होते हैं। ————————- ये खबर भी पढ़ें… आशीष पटेल ने बोले– STF मेरे सीने पर गोली मारे उत्तर प्रदेश के तकनीकी शिक्षा मंत्री आशीष पटेल ने गुरुवार को अपनी ही सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। अपने ऊपर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों पर कहा, मेरी गलती बस इतनी है कि 14 में से सात डायरेक्टर वंचित वर्ग के बनाए। पूरी खबर पढ़ें…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *