भास्कर न्यूज | सिमडेगा उपायुक्त अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में नगर परिषद क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने से संबंधित बैठक का आयोजन किया गया। उपायुक्त ने समाहरणालय से लेकर भट्टीटोली तक सड़क किनारे के अतिक्रमण को हटवाने का निर्देश दिया। उन्होंने सिमडेगा में मेन रोड को जाम मुक्त बनाने के लिए छोटी गाड़ियों एवं बाइक के लिए प्रिंसचौक, बीरू कंपलेक्स, कंट्रोल रूम, झूलन सिंह चौक, मार्केट कांप्लेक्स सहित अन्य स्थानों पर पार्किंग स्थल चिह्नित कर पार्किंग स्टैंड बनाने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने टैक्सी स्टैंड -सह- ऑटो स्टैंड के गेट को बेहतर बनाने के लिए कहा। बस चालक द्वारा बस स्टैंड से प्रिंस चौक तक धीमी गति से चलने वाले पर सख्ती से करवाई करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि पार्किंग स्थल चिह्नित करने के बाद जो पार्किंग स्थल पर पार्क नहीं करेंगे या नो पार्किंग जोन में गाड़ी खड़ी करेंगे उन लोगों पर जुर्माना लगाने का निर्देश दिया। साथ ही मार्केट कांप्लेक्स में रोड में समान लगाने वालों पर भी सख्ती से करवाई करने का निर्देश दिया। बैठक में पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार, नगर परिषद प्रशासक पदाधिकारी समीर बोदरा, अंचलाधिकारी मो इम्तियाज, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, थाना प्रभारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।


