कंबल मिले, लेकिन वितरण शुरू नहीं हुआ, ठंड चरम पर

भास्कर न्यूज | केतार झारखंड सरकार द्वारा केतार प्रखंड अंतर्गत सभी सातों पंचायत में निवास करने वाले असहाय, गरीब, वृद्ध, विधवा, विकलांग को इस ठंड से बचाव के लिए केतार प्रखंड को 1218 कंबल 24 दिसंबर 2024 को उपलब्ध कराए गए हैं। परंतु उक्त कंबल का वितरण 10 दिन बीत जाने के बाद भी नहीं किया गया हैं। जिससे असहाय, गरीब परिवार के लोग स्थानीय जनप्रतिनिधियों से हर दिन कंबल की आस लगाकर घर पहुंचते हैं और बैरंग वापस लौट जाया करते हैं। ज्ञात हो कि केतार प्रखंड सुदूरवर्ती, पंडा एवं सोन तटीय इलाका होने के कारण ठंड का प्रकोप थोड़ा अधिक रहा करता है। वहीं मुसहर परिवार के लोग यह कड़ाके की ठंड में खुले आसमान में रहा करते हैं। साथ ही इस कड़ाके की ठंड में असहाय, निर्धन परिवार के लोग जीवन यापन करने को लेकर विवश हैं। ज्ञात हो कि पिछले वर्ष केतार प्रखंड को 1200 कंबल उपलब्ध हुए थे इस बार 1218 कंबल प्रखंड को प्राप्त हुए हैं। क्या कहती हैं केतार प्रमुख : प्रखंड प्रमुख चंद्रावती देवी ने उक्त मामले में कहा कि सरकार द्वारा समय पर कंबल उपलब्ध कराने के बावजूद भी वितरण नहीं किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। गरीब, असहाय, वृद्धा, विधवा इस कड़ाके की ठंड में ठिठुरने पर विवश हैं। साथ ही उन्होंने प्रभारी बीडीओ पर आरोप लगाते हुए कहीं कि उनके द्वारा पदस्थापना के बाद से ही विकास कार्यों में रुचि नहीं ली जाती है। जिससे केतार प्रखंड में सभी तरह का विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। क्या कहते हैं प्रभारी बीडीओ: केतार सीओ सह प्रभारी बीडीओ प्रशांत कुमार ने कहा कि कंबल प्राप्त हुए हैं। कंबल जो आते हैं उसकी सैंपल को वेरिफाई किया जाता है कि उसकी क्वालिटी सही है कि नहीं। जांच कराई जाती है जिसमें समय लगा। फिलहाल मैं तीन-चार दिन से छुट्टी पर था आज पहुंचा हूं कल-परसों से वितरण शुरू करा दिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *