भास्कर संवाददाता | पाली शहर में सड़कों को बनाने के लिए करोड़ों खर्च हो रहे है, लेकिन ये सड़कें चंद दिन ही टिक पाती हैं। टूटने से पहले ही लीकेज निकालने, पाइप लाइन डालने के नाम पर तोड़ दिया जाता है। बांगड़ तिराहा पर तो पिछले महीने ही सीसी सड़क बनाई थी, लेकिन गुरुवार को एलएंडटी ने सड़क को वापस खोद दिया। चौंकाने वाली बात यह है कि यह लीकेज भी ठीक उसी जगह हुआ जहां पहले हुआ था। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि लीकेज निकालने का स्थायी इंतजाम क्यों नहीं होता। ऐसे में अब वापस सड़क को बंद क लीकेज सुधारा जा रहा है। इसी प्रकार मानपुरा भाकरी वाली सड़क पर भी पाइप लाइन लीक होने से सड़क टूटी रही है। इधर, बांडी नदी पर मिट्टी हटाने का काम जारी है, लेकिन लोगों ने आवागमन शुरू कर दिया। जिसे श्रमिकों को काम करने में काफी परेशानी हो रही है। गुरुवार को मिट्टी हटाने का काम शुरू हुआ। अब शुक्रवार को पूरी मिट्टी हटाने के बाद यहां से यातायात सुगम हो सकेगा। ^चुंगी नाका से आगे गैस पाइपलाइन डालने का काम बाकी है। कंपनी को बोला है कि काम पूरा करे, ताकि सीसी सड़क को तोड़ना नहीं पड़े। बांंडी नदी पर सफाई का काम जारी है। आजकल में पूरी सफाई हो जाएगी। – विकास लेंगा, एक्सईएन, यूआईटी नया बस स्टैंड से बाड़ी नदी पुल के बीच सड़क का काम चल रहा है । इस बीच वाहन निकलना शुरू हो गए हैं । नयागांव सड़क का एक ओर का हिस्सा बन जाने के बाद वाहनों का आवागमन शुरू कर दिया है। बांगड़ कॉलेज से आगे एक तरफ तो सीसी सड़क का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। उस सड़क पर यातायात भी 10 दिन से शुरू कर दिया गया है। दूसरी तरफ अभी तक सीसी सड़क का निर्माण शुरू नहीं हुआ है। क्योंकि गैस पाइपलाइन डालना बाकी है। ऐसे में अब यूआईटी सड़क निर्माण से पहले गैस पाइपलाइन डालने वाली एजेंसी को पाइपलाइन डालने के लिए लगातार कह रही है। इसके चलते सीसी सड़क का िनर्माण कार्य रुक गया है।


