सागर में अग्नि वीर भर्ती रैली का आयोजन 6 से 13 जनवरी के बीच होना है। लेकिन रेलवे ने अब तक स्पेशल ट्रेन चलाने का शेड्यूल जारी नहीं किया है। इससे अंचल से बड़ी संख्या में इस भर्ती रैली में भाग लेने के लिए जाने वाले युवाओं की परेशानी बढ़ना तय है। साथ ही यात्री भी परेशान होंगे।
इस बात को संज्ञान में लेते हुए ग्वालियर के सांसद भारत सिंह कुशवाह ने रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा है। पत्र में लिखा है कि ग्वालियर से सागर के बीच सिर्फ 2 ट्रेन चल रही हैं। जिसकी कुल यात्री क्षमता 2830 है। जबकि इस भर्ती में अंचल से लगभग 9 हजार युवाओं के शामिल होने का अनुमान है। सांसद ने रेलमंत्री से आग्रह करते हुए कहा है कि 6 से 13 जनवरी के बीच स्पेशल ट्रेन चलाई जाए, जिससे अग्नि वीर भर्ती परीक्षा में अंचल के युवा बिना किसी परेशानी के भाग ले सकें।
बताते चलें कि रेल प्रशासन रेलवे की भर्ती के लिए स्पेशल ट्रेन चला चुका है। लेकिन सेना भर्ती के लिए अब तक स्पेशल ट्रेन चलाने का कोई शेड्यूल जारी नहीं किया है। इस मामले को दैनिक भास्कर द्वारा प्रमुखता से उठाए जाने के बाद भिंड सांसद संध्या राय दो दिन पहले मंडल रेल प्रबंधक को पत्र लिख चुकी है। वहीं अब ग्वालियर सांसद ने रेलमंत्री को पत्र लिखा है। बताते चलें कि ग्वालियर से सागर के लिए उत्कल और दूसरी गोंडवाना ट्रेन चलती है।
इनमें इतनी जगह नहीं मिलेगी कि भर्ती परीक्षा में जाने वाले युवक आसानी से बैठ सकें। सेना भर्ती कार्यालय के अनुसार इसमें सर्वाधिक भिंड से ढाई हजार, मुरैना से दो हजार और ग्वालियर से एक हजार जाएंगे। इसके अलावा दतिया, श्योपुर, शिवपुरी और गुना से भी बड़ी संख्या में युवक जाएंगे। इतनी बड़ी संख्या में युवाओं के अग्नि वीर भर्ती रैली में भाग लेने से ट्रेन में यात्रियों की परेशानी बढ़ना भी तय है।


