कोंडागांव के आड़का छेपड़ा में स्थित महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम (आत्मानंद) स्कूल और कस्तूरबा विद्यालय के छात्रों ने अपने खेल मैदान पर कोर्ट भवन निर्माण के विरोध में बड़ा प्रदर्शन किया। सैकड़ों छात्र सड़क पर उतर आए और कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर चक्का जाम कर दिया। यह विरोध प्रदर्शन तब शुरू हुआ जब प्रशासन ने स्कूल के खेल मैदान पर कोर्ट भवन का निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया। इससे छात्र-छात्राओं में गहरा आक्रोश फैल गया। सुबह स्कूल खुलते ही बड़ी संख्या में विद्यार्थी सड़क पर आ गए। छात्रों ने हाथों में तख्तियां लेकर “हमारा मैदान वापस करो” और “खेल मैदान हमारा अधिकार” जैसे नारे लगाए। इसके बाद उन्होंने सड़क पर बैठकर चक्का जाम कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। खेल मैदान पर कोर्ट भवन निर्माण रोकने की मांग प्रदर्शनकारी छात्रों की मुख्य मांगें थीं कि खेल मैदान पर शुरू किया गया कोर्ट निर्माण कार्य तत्काल रोका जाए। उन्होंने यह भी मांग की कि मैदान को भविष्य में किसी भी प्रकार के निर्माण से मुक्त घोषित किया जाए और उनके खेल के अधिकार को सुरक्षित करने का लिखित आश्वासन दिया जाए। इस विरोध प्रदर्शन में कई अभिभावक और स्कूल स्टाफ भी शामिल हुए। उनका कहना था कि यह स्कूल के लिए एकमात्र बड़ा खेल मैदान है, जहां बच्चे खेल गतिविधियां, परेड और वार्षिक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करते हैं। मैदान छिन जाने से बच्चों के शारीरिक विकास पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। प्रशासन ने कोर्ट भवन निर्माण के लिए मैदान से मिट्टी हटाने और प्रारंभिक कार्य शुरू कर दिया था। इसकी जानकारी मिलते ही छात्रों में विरोध की स्थिति बन गई। बाद में, अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर छात्रों से चर्चा की और उन्हें शांत कराने का प्रयास किया।


