गिरिडीह में छात्रवृत्ति भुगतान में देरी पर छात्रों का प्रदर्शन:डीसी को सौंपा ज्ञापन, 27 नवंबर को राज्य स्तरीय आंदोलन का ऐलान

गिरिडीह में छात्रवृत्ति भुगतान में देरी को लेकर छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने डीसी को ज्ञापन सौंपा और 27 नवंबर को राज्य स्तरीय आंदोलन की चेतावनी दी है। गिरिडीह में 2024-25 सत्र की छात्रवृत्ति जारी न होने से नाराज सैकड़ों छात्रों ने मंगलवार को झंडा मैदान से समाहरणालय तक मार्च निकाला। आजसू छात्र संघ के जिला सचिव अक्षय यादव के नेतृत्व में छात्रों ने कल्याण विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने डीसी रामनिवास यादव को झारखंड कल्याण विभाग मंत्रालय के नाम एक ज्ञापन सौंपा। पिछले सत्र 2024-25 की छात्रवृत्ति का भुगतान अब तक नहीं छात्रों ने आरोप लगाया कि राज्य और केंद्र सरकार के बीच के विवाद का खामियाजा लाखों छात्रों को भुगतना पड़ रहा है। इनमें 10वीं, 12वीं, यूजी, पीजी, बीएड, बीटेक, फार्मेसी और इंजीनियरिंग जैसे विभिन्न पाठ्यक्रमों के छात्र शामिल हैं। उनका कहना है कि वर्तमान सत्र 2025-26 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, लेकिन पिछले सत्र 2024-25 की छात्रवृत्ति का भुगतान अब तक नहीं हुआ है। फाइनल अप्रूवल के बावजूद छात्र एक साल से भुगतान का इंतजार कर रहे हैं। 2-3 वर्षों से छात्रवृत्ति व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई: अक्षय यादव आजसू छात्र संघ के जिला सचिव अक्षय यादव ने बताया कि पिछले 2-3 वर्षों से छात्रवृत्ति व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने कहा कि अभी तक मात्र 10% विद्यार्थियों को ही 2024-25 की छात्रवृत्ति प्राप्त हो पाई है, जबकि छात्रों को अपनी छात्रवृत्ति के लिए एक से दो वर्ष तक इंतजार करना पड़ रहा है। छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस मामले में कार्रवाई नहीं की गई तो आगामी 27 नवंबर को मोरहाबादी मैदान, रांची से राजभवन तक राज्य स्तरीय आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान कुंदन चंद्रवंशी, बंटी कुमार, दिलीप मंडल, अंकित राज, पोखन यादव, सौरव सहित सैकड़ों छात्र उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *