जिले के कैथून थाना क्षेत्र में नहर में डूबे युवक के शव का आज एमबीएस हॉस्पिटल की पोस्टमार्टम करवाया गया। परिजनों ने केडीए पर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना था कि वहां नया बाईपास बन रहा है। सड़क पर पत्थर व रेती पड़ी हुई थी। पत्थर व रेती के कारण बाइक स्लीप हुई और बाइक सवार दो दोनों भाई नहर में गिरे। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। भाई मोइन ने बताया कि निजाम व तोहित दोनो टाइल लगाने का काम करते है। बुधवार रात को कैथून से कोटा लौट रहे थे। रास्ते में पत्थर व रेती पड़े होने से उनकी बाइक स्लीप हो गई। दोनों दाई मुख्य नहर में गिर गए। तोहित (24) को स्थानीय लोगों ने बचा लिया। निजाम (35) नहर में डूब गया। गुरुवार को एसडीआरएफ की टीम ने निजाम के शव को बाहर निकाला। निजाम के दो बेटे व एक बेटी है। केडीए व ठेकेदार की लापरवाही से भाई निजाम की मौत हुई है। बनियानी सरपंच मोइजुद्दीन ने बताया कि कैथून में नए बाईपास के पास केडीए द्वारा पुलिया का काम करवाया जा रहा है। वहां ठेकेदार की लापरवाही वह अधिकारियों की उदासीनता से रेती व पत्थर सड़क पर ही पड़े थे। बाइक सवार दोनों भाई रात के अंधेरे में रेती व पत्थर से टकराकर नहर में गिरे।वहां सुरक्षा के इंतजाम नहीं थे। जिला प्रशासन को ध्यान देना चाहिए ताकि आने वाले समय में वहां हादसे ना हो। हमारी मांग है दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो, मृतक के परिवार को आर्थिक मदद दी जाए।


