AAP नेता दुर्गेश पाठक के घर CBI का छापा:विदेशी फंडिंग मामले में जांच जारी; सिसोदिया बोले- BJP की साजिश, गुजरात चुनाव प्रभारी बनते ही रेड

आम आदमी पार्टी (AAP) के पूर्व विधायक दुर्गेश पाठक के घर गुरुवार को CBI ने छापेमारी की है। CBI अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई विदेशी फंडिंग से जुड़े मामले को लेकर हो रही है। CBI ने दुर्गेश पाठक के खिलाफ फॉरेन कंट्रीब्यूशन रेगुलेशन एक्ट (FCRA) के तहत केस दर्ज किया है। CBI की छापेमारी पर AAP नेता मनीष सिसोदिया ने कहा- गुजरात चुनाव 2027 की जिम्मेदारी मिलते ही दुर्गेश पाठक के घर CBI रेड हुई है। ये कोई इत्तेफाक नहीं, बल्कि भाजपा की डर से निकली हुई साजिश है। BJP जानती है कि गुजरात में अब सिर्फ आम आदमी पार्टी ही उन्हें चुनौती दे सकती है और इस सच्चाई ने उन्हें हिला दिया है। वहीं, AAP के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा- BJP का गंदा खेल फिर शुरू हो गया है। गुजरात के सहप्रभारी दुर्गेश पाठक के घर CBI पहुंची है। मोदी सरकार ने हमारी पार्टी को खत्म करने का हर हथकंडा अपना कर देख लिया लेकिन फिर भी उनको चैन नहीं। गुजरात में BJP की हालत पतली है। जैसे ही पाठक को गुजरात का सहप्रभारी बनाया गया उनको धमकाने के लिए CBI भेज दी। CBI की रेड पर APP नेताओं की बयान: गुजरात चुनाव के लिए गोपाल राय प्रभारी और पाठक सह-प्रभारी
AAP पार्टी ने 22 मार्च गुजरात विधानसभा चुनाव 2027 के लिए गोपाल राय को प्रभारी और दुर्गेश पाठक को सह-प्रभारी बनाया था। इसके बाद दोनों ही नेता गुजरात दौरे पर भी गए थे। यहां उन्होंने राज्य भर के पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। दरअसल, दिल्ली विधानसभा चुनाव में हार के बाद AAP के संगठन में बड़े स्तर पर बदलाव किए गए हैं। इस फेरबदल में सौरभ भारद्वाज को दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। इसी के तहत दुर्गेश पाठक गुजरात की जिम्मेदारी सौंपी गई। गुजरात चुनाव अकेले लड़ेगी AAP
आम आदमी पार्टी गुजरात में अपनी बढ़ती पकड़ को और मजबूत करना चाहती है। फरवरी में हुए स्थानीय निकाय चुनावों में पार्टी ने 32 सीटें जीती थी और लगभग 250 सीटों पर दूसरे स्थान पर रही थी। वर्तमान में गुजरात विधानसभा में AAP के चार विधायक हैं। पार्टी ने पहले ही यह घोषणा कर दी है कि वह वर्ष 2027 में गुजरात विधानसभा चुनाव अकेले लड़ेगी और कांग्रेस के साथ कोई गठबंधन नहीं करेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *