AAP ने धान खरीदी समस्याओं पर सौंपा आवेदन:जांजगीर-चांपा में किसानों के रकबा घटने, टोकन और खरीदी सीमा को लेकर सड़क पर उतरे

जांजगीर-चांपा जिला मुख्यालय के कचहरी चौक पर आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ताओं ने धान खरीदी में आ रही समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने नायब तहसीलदार को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा, जिसमें मांगें पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई है। AAP ने सरकार पर आरोप लगाया है कि इस साल गिरदावरी में कई किसानों का रकबा कम कर दिया गया है, जिससे उन्हें भारी नुकसान हो रहा है। इसके साथ ही धान बेचने के लिए टोकन प्राप्त करने में भी किसानों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर किसानों को 4-5 दिन तक लंबी कतारों में खड़े रहने के बावजूद टोकन नहीं मिल पा रहे हैं। आम आदमी पार्टी के अनुसार, कुछ समितियों में किसानों का धान केवल उनके कर्ज के बराबर ही खरीदा जा रहा है, जिससे किसानों में गहरा आक्रोश है। इसके अलावा समितियों में प्रतिदिन धान खरीदी की सीमा कम कर दी गई है, जिसके कारण टोकन नंबर मिलने में देरी हो रही है और खरीदी की रफ्तार बेहद धीमी पड़ गई है। प्रदेशभर के किसान के साथ आंदोलन की चेतावनी पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द ही किसानों की इन सभी समस्याओं का समाधान नहीं किया, तो आम आदमी पार्टी प्रदेशभर के किसानों के साथ मिलकर एक बड़ा आंदोलन करेगी। आप ने कहा कि वह हमेशा किसानों और आम जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाती रही है। किसानों की मांग है कि समितियों में प्रतिदिन कम से कम 1400 से 1500 क्विंटल धान की खरीदी सुनिश्चित की जाए। आम आदमी पार्टी ने सरकार को कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि किसानों के रकबा कम करने, टोकन न कटने और खरीदी केंद्रों में जारी अव्यवस्था की शिकायतें लगातार मिल रही हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *