‘AAP’ पर ब्लॉक समिति चुनाव में धांधली का आरोप:भाजपा बोली- लोकतंत्र का हनन हुआ, ईसी से हस्तक्षेप की मांग

पंजाब के मोहाली जिले के डेराबस्सी ब्लॉक समिति चुनावों के दौरान राजनीतिक माहौल उस समय गरमा गया जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर गंभीर धांधली के आरोप लगाए। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं गुरदर्शन सिंह सैनी, संजीव खन्ना और मनप्रीत सिंह बन्नी संधू ने संयुक्त रूप से मीडिया से बात करते हुए कहा कि चुनाव प्रक्रिया में लोकतंत्र का खुलेआम हनन किया गया है। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि उनके उम्मीदवारों को मिले वैध वोटों को रद्द कर दिया गया। उन्होंने दावा किया कि गांव खेड़ी गुज्जरां से भाजपा उम्मीदवार पहले 11 मतों से विजयी रहा था, लेकिन दोबारा मतगणना के बाद उसे 17 मतों से पराजित घोषित कर दिया गया। नेताओं के अनुसार, संबंधित क्षेत्र में बैलेट बॉक्स की सील टूटी हुई पाई गई थी, इसके बावजूद पुनः गणना कर परिणाम बदल दिया गया। बैलेट बॉक्स में मिली दूसरे केंद्र की पर्चियां भाजपा ने यह भी आरोप लगाया कि गांव पुनसर के बैलेट बॉक्स से किसी अन्य गांव की मतदान पर्चियां बरामद हुईं। इससे यह संकेत मिलता है कि बड़े स्तर पर कथित धांधली करके पराजित उम्मीदवारों को जिताया गया। भाजपा नेताओं ने जोर देकर कहा कि इन परिस्थितियों के बावजूद, पार्टी नैतिक रूप से विजयी रही है क्योंकि जनता का समर्थन उनके साथ है। सड़क पर उतरकर करेंगे प्रदर्शन, कोर्ट जाएंगे भाजपा नेताओं ने चुनाव आयोग से इन मामलों में तत्काल हस्तक्षेप करने और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से नहीं कराए गए, तो भाजपा सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी और न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाएगी। विधायक बोले- आरोप निराधार दूसरी ओर, डेराबस्सी से विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने भाजपा के इन आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा अपनी घटती राजनीतिक जमीन को देखते हुए इस प्रकार के बेबुनियाद आरोप लगा रही है और चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह से निष्पक्ष रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *