AAP सांसद बोले-ऑपरेशन सिंदूर पर चीन ने पाक को भड़काया:रणनीतिक मदद भी की, कहा- भारत ने सख्त और साहसिक संदेश दिया

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद और लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के चांसलर अशोक मित्तल ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर चीन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की जमीन का इस्तेमाल लंबे समय से भारत के खिलाफ आतंकी गतिविधियों के लिए होता रहा है, लेकिन इस बार भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के जरिए एक सख्त और साहसिक संदेश दिया है। सांसद मित्तल ने दावा किया कि पाकिस्तान को उकसाने और समर्थन देने में चीन की भूमिका किसी से छिपी नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत की इस कार्रवाई ने यह साफ कर दिया है कि अब देश अपनी सीमाओं और नागरिकों की सुरक्षा के लिए किसी भी हद तक जा सकता है। सांसद मित्तल बोले- भारत को अस्थिर करने की कोशिश हुई मित्तल ने कहा कि चीन लगातार पाकिस्तान को रणनीतिक, आर्थिक और तकनीकी मदद देकर भारत के खिलाफ साजिशें रचता रहा है। उन्होंने कहा कि भारत को न केवल पाकिस्तान बल्कि चीन की नीयत और गतिविधियों पर भी नज़र रखनी होगी। आम आदमी पार्टी के सांसद ने केंद्र सरकार द्वारा लिए गए कड़े फैसलों की सराहना की और कहा कि अब वक्त आ गया है कि भारत अपने हितों की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जाने का साहस दिखाए। उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान और चीन की गहरी साठगांठ भारत की अखंडता के लिए एक बड़ा खतरा है। क्योंकि दोनों देश भारत को अस्थिर करने के लिए कोई भी कदम उठाने को तैयार रहते हैं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से भी अपील की कि वो पाकिस्तान और चीन की गतिविधियों पर नज़र रखे और भारत की सुरक्षा व अखंडता में सहयोग करे। गौरतलब है कि ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारत ने हाल ही में पाकिस्तान की सरहद के भीतर आतंकी ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की थी। इस ऑपरेशन ने दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ा दिया है। अब भारत में इसके राजनीतिक और सामरिक पहलुओं पर चर्चा तेज हो गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *