AI एडिट कर वीडियो वायरल की धमकी देता था ब्वायफ्रेंड:गर्लफ्रेंड की भाई के मौत के बाद मिले बीमा के 8 लाख रुपए ठगे, सोशल मीडिया पर मैसेज भेज कर रहा था और डिमांड

भिलाई में एक महिला को पहले दोस्ती और मीठी बातों के जाल में फंसाया गया, फिर उसी दोस्त ने ब्लैकमेल कर 8 लाख रुपये ऐंठ लिए। जब महिला ने और पैसे देने से मना किया तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी तक दे डाली। मामला दुर्ग जिले के भिलाई-03 थाना क्षेत्र का है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी उमाशंकर भारती के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 4 साल पहले दोस्ती, धीरे-धीरे बढ़ी नजदीकियां
ग्राम उमदा वार्ड क्रमांक-06 निवासी दीक्षा कोसरे (24) सिलाई-कढ़ाई का काम करती हैं। दीक्षा ने बताया कि फरवरी 2021 में उनकी जान-पहचान गांव के ही उमाशंकर भारती से हुई। बातचीत का सिलसिला बढ़ा और दोनों में नजदीकियां बढ़ने लगीं। इसी बीच 25 मई 2024 को दीक्षा के भाई यशवंत कोसरे की मौत हो गई। भाई के नाम पर करीब 8 लाख की बीमा राशि दीक्षा को मिली। पीड़िता के मुताबिक, बीमा की रकम की खबर उमाशंकर को लगी और यहीं से उसका असली चेहरा सामने आया। उसने सोशल मीडिया को हथियार बनाया और व्हाट्सऐप व इंस्टाग्राम पर मैसेज कर दीक्षा से पैसों की डिमांड करने लगा। धमकी दी कि अगर पैसे नहीं मिले तो उनके फोटो को AI एप में डालकर अश्लील वीडियो बनाकर वायरल कर देगा। डर और दबाव में सौंप दिए पूरे 8 लाख
उमाशंकर की धमकियों से घबराई दीक्षा ने दबाव में आकर 8 लाख रुपये उसे ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों तरीकों से दे दिए। लेकिन यहीं कहानी खत्म नहीं हुई। पैसे लेने के बाद भी आरोपी का लालच और बढ़ गया। उसने दोबारा पैसों की मांग शुरू की और साफ धमकी दी कि अगर पैसे नहीं मिले तो वह जान से मार देगा। FIR दर्ज कर पुलिस कर रही मामले की जांच
थाना भिलाई-03 प्रभारी के मुताबिक, पीड़िता की शिकायत पर आरोपी उमाशंकर भारती के खिलाफ प्रथम दृष्टया धारा 308(2) BNS के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि यह मामला गंभीर है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पीड़िता बोली- कड़ी कार्रवाई हो
पुलिस का कहना है कि इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही है कि सोशल मीडिया और AI और एडिटिंग एप्स के नाम पर महिलाओं को डराकर पैसे ठगे जा रहे हैं। लोगों को इस तरह की स्थिति आने पर तुरंत थाने में शिकायत दर्ज करानी चाहिए। वहीं इस मामले में पीड़िता दीक्षा कोसरे का कहना है कि आरोपी ने उन्हें मानसिक और आर्थिक रूप से बर्बाद कर दिया है। मैं चाहती हूं कि उसे कड़ी से कड़ी सजा मिले ताकि कोई और महिला ऐसी स्थिति में न फंसे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *