हैलो, यू हैव ए वैरी बैड न्यूज.. मैने यूनिवर्सिटी के कुछ लड़कों से बात की है और यूनिवर्सिटी में कई जगहों पर बम लगाए हैं। अगर मुझे मेरे यूपीआई नंबर पर दो दिन के अंदर 2 लाख रुपए न मिले तो इन बमों को ब्लास्ट कर दिया जाएगा। यह धमकी अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) के रजिस्ट्रार को गुरुवार को मेल के जरिए दी गई है। तिवारी श्रीजयंत नाम की मेल आईडी से आरोपी ने एएमयू के अधिकारियों को मेल करके धमकी दी, जिसके बाद पूरी यूनिवर्सिटी में अफरा तफरी का माहौल हो गया। एएमयू के सुरक्षा अधिकारियों ने इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दी। एएमयू में बम की सूचना पर दौड़ी पुलिस यूनिवर्सिटी कैंपस में बम और धमकी की सूचना मिलने पर क्षेत्रिय पुलिस तुरंत एलर्ट हो गई। सीओ थर्ड अभय कुमार पांडेय और सिविल लाइंस थाने की फोर्स तत्काल मौके पर पहुंच गई। पुलिस के साथ ही बम खोज एवं निरोधक दस्ता (बीडीडीएस) और डॉग स्कवाएड मौके पर पहुंच गया। बम स्कवॉएड और डॉग स्कवॉएड की टीम ने पुलिस के साथ मिलकर पूरे यूनिवर्सिटी कैंपस की जांच की। हालांकि पुलिस को जांच में किसी तरह का कोई विस्फोटक सामान कैंपस के अंदर से नहीं मिला है। लेकिन कैंपस के अंदर की सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। इसके साथ ही पुलिस की आईटी टीम भी मेल की जांच कर रही हैं। आरोपी ने अधिकारियों को दिया UPI एड्रेस धमकी भरी मेल के साथ ही आरोपी ने एक UPI एड्रेस भी दिया है और इसमें ही 2 लाख रुपए भेजने की बात कही है। पुलिस इस यूपीआई एड्रेस की भी जांच कर रही है। वहीं आरोपी ने जिस मेल के जरिए यह धमकी दी है, उसके आईपी एड्रेस और अन्य चीजों की जांच भी शुरू हो गई है। जिससे मेल भेजने वाले की लोकेशन का पता किया जा सके। रजिस्ट्रार के साथ सभी HOD को भी पहुंचा मेल धमकी भरा मेल भेजने वाले आरोपी ने एएमयू के रजिस्ट्रार के साथ ही प्रॉक्टर, पीआरओ, डीएसडब्ल्यू और सभी विभागों के विभागाध्यक्षों (HOD) को भी यह धमकी भरा मेल भेजा है। जिसमें कहा गया है कि दो दिन के अंदर तत्काल उसके यूपीआई एड्रेस पर 2 लाख रुपए भेज दिए जाएं। धमकी के साथ आपत्तिजनक शब्द भी लिखे आरोपी ने यूनिवर्सिटी के अधिकारियों को बम विस्फोट की धमकी देने के साथ ही आपत्तिजनक शब्द भी लिखे हैं। जिसमें कहा गया है कि अगर उसे दो लाख रुपए नहीं दिए गए तो वह न सिर्फ कैंपस के अंदर बम विस्फोट करेगा, बल्कि छात्रों के खाने में सुअर की चर्बी भी मिला देगा। जिसके बाद यह चारो ओर चर्चा का विषय बन गया है। एएमयू की सुरक्षा बढ़ी, LIU जांच में जुटी धमकी मिलने के बाद एएमयू के प्रॉक्टर ने कैंपस की सुरक्षा बढ़ा दी है। सभी प्रवेश द्वार पर एएमयू के सुरक्षा कर्मी तैनात कर दिए गए हैं और हर आने जाने वाले पर नजर रखी जा रही है। बाहरी आदमियों को रोककर छानबीन की जा रही है। वहीं सीसीटीवी भी देखे जा रहे हैं। दूसरी ओर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस की LIU टीम भी मामले की जांच में जुट गई है और सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। जिससे कि आरोपी तक जल्द से जल्द पहुंचा जा सके। सीओ अभय कुमार पांडेय ने बताया कि एएमयू को धमकी भरा मेल मिला था। जिसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है। बॉम स्कवाएड और डॉग स्कवाएड के जरिए कैंपस की जांच की गई है। एलआईयू को एलर्ट कर दिया गया है और हर प्वाइंट पर जांच की जा रही है। आरोपी जल्दी ही पुलिस की हिरासत में होगा।


