मुंगेली में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने लालपुर थाने के एएसआई को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। एएसआई राजाराम साहू ने एक मेडिकल स्टोर संचालक के माध्यम से रिश्वत ली। सूरजपुरा गांव के देवेंद्र बर्मन ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि लालपुर थाने में उनके खिलाफ एक केस दर्ज है। एएसआई राजाराम साहू ने इस केस में गंभीर धाराएं न जोड़ने के लिए 15,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी। आरोपी को पकड़ने एसीबी ने जाल बिछाया एसीबी ने जांच में पाया कि आरोपी ने पहले ही 5,000 रुपये की रिश्वत ले ली थी। बाकी 10,000 रुपये के लिए एसीबी ने जाल बिछाया। शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम के साथ आरोपी के पास भेजा गया। एएसआई ने सीधे पैसे लेने के बजाय पास के मेडिकल स्टोर संचालक प्रेमसागर जांगड़े को देने को कहा। जैसे ही शिकायतकर्ता ने जांगड़े को रिश्वत दी, एसीबी की टीम ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। एसीबी ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 और 12 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।


