ATM कार्ड बदलकर ठगने वाले गिरफ्तार:कार में घूमते थे; जयपुर, हरियाणा, दिल्ली में 100 से अधिक वारदातें कर चुके

जयपुर पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर धोखाधड़ी करने वाले एक गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी जयपुर, हरियाणा और दिल्ली में 100 से अधिक वारदातों में शामिल थे। पुलिस ने इनके कब्जे से विभिन्न बैंकों के 147 एटीएम कार्ड, एक बिना नंबर की क्रेटा कार और 49 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। डीसीपी नॉर्थ करण शर्मा ने बताया- यह कार्रवाई 3 दिसंबर को कुमारी राखी दास की शिकायत के बाद की गई। राखी दास ने सुभाष चौक स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम से पैसे निकालते समय धोखाधड़ी का शिकार होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया- एटीएम से 40,000 रुपए निकालने के बाद दो लड़कों ने उन्हें बातों में उलझाकर कार्ड बदल लिया। इसके बाद आरोपियों ने 3 दिसंबर से 7 दिसंबर के बीच उनके खाते से कुल 1,53,000 रुपए निकाल लिए। इस संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल डीसीपी नॉर्थ नीरज पाठक के निर्देशन और एसीपी माणकचौक नॉर्थ पीयूष कविया के सुपरविजन में एक विशेष टीम गठित की गई। थानाधिकारी कृष्ण कुमार के नेतृत्व में गठित इस टीम में एएसआई ग्यारसी लाल, हेड कॉन्स्टेबल दुलीचंद, कॉन्स्टेबल दीपेंद्र सिंह, दिनेश कुमार, राहुल, कुलदीप सिंह और मुकेश सिंह शामिल थे। पुलिस टीम ने मोहम्मद तौफीक खान (36), पुत्र दीना मेव, निवासी सिरोली, थाना पुन्हाना, जिला नूंह, हरियाणा, और मौसमि खान उर्फ कासिम (25), पुत्र शब्बीर खान, निवासी अमीनाबाद, थाना बिछोर, जिला नूंह, हरियाणा को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की क्रेटा कार, विभिन्न बैंकों के 147 एटीएम कार्ड और धोखाधड़ी से प्राप्त 49 हजार रुपए नकद बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह एटीएम कार्ड बदलकर लोगों को ठगी का शिकार बनाता था। गिरफ्तार आरोपी जयपुर के अलावा हरियाणा और दिल्ली में भी 100 से अधिक ऐसी वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *