सहारनपुर में रविवार रात BAMS छात्र की सड़क हादसे में मौत हो गई। वह रविवार रात अपने 2 दोस्तों के साथ बाइक से सामान लेने गया था। इस दौरान तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि तीनों छात्र करीब 5 फीट उछलकर सड़क पर गिरे। छात्र का सिर गाड़ी के पहिए के नीचे आकर 2 हिस्सों में बंट गया। उसके चीथड़े उड़ गए। उसके दोस्त भी घायल हैं। घटना की सूचना मिलते ही कॉलेज स्टाफ और अन्य छात्र मौके पर पहुंचे। पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल भेजा गया। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही परिजन मेडिकल इंस्टीट्यूट पहुंचे। वहां हंगामा करते हुए धरने पर बैठ गए। परिजनों का आरोप है कि बेटे की मौत सड़क हादसे में नहीं हुई है। उसके साथ रैगिंग की गई और साजिश के तहत उसकी हत्या की गई है। हत्या को सड़क हादसे का रूप दिया गया है। जब तक आरोपी पकड़े नहीं जाएंगे, वे घर नहीं जाएंगे। हादसा मेडिकल इंस्टीट्यूट से करीब 500 मीटर दूर बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र के खुशहालीपुर गांव में हुआ। अब विस्तार से पढ़िए मामला बीएएमएस छात्र की पहचान विशाल गौतम (28) के रूप में हुई है। वह दिल्ली का रहने वाला था। विशाल गुरु द्रोणाचार्य आयुर्वेदिक इंस्टीट्यूट में बीएएमएस फर्स्ट ईयर का छात्र था और हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। विशाल रविवार रात बाइक से अपने 2 दोस्तों के साथ हॉस्टल से बाहर गया था। इसी दौरान तीनों का एक्सीडेंट हो गया, जिसमें विशाल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हादसे में घायल हुए दोनों अन्य छात्रों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही भीम आर्मी के लोग इंस्टीट्यूट पहुंचे और कॉलेज प्रशासन के विरोध में मेन गेट पर धरने पर बैठकर नारेबाजी करने लगे। इसी दौरान भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने इंस्टीट्यूट के मुख्य गेट पर लगे शीशे पर ईंट मार दी, जिससे कांच टूट गया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हंगामे की सूचना पर पुलिस पहुंची और परिजनों से बात करके उन्हें शांत कराया। विशाल के भाई बोले- एक्सीडेंट के बाद से कॉलेज स्टाफ गायब है?
विशाल के भाई अरुण गौतम ने कहा- विशाल के साथ लगातार रैगिंग की जा रही थी, जिससे वह मानसिक तनाव में रहता था। इस बारे में उसने इंस्टीट्यूट प्रशासन को भी जानकारी दी थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। भाई की मौत के बाद रात में ही कॉलेज का पूरा स्टाफ गायब हो गया। जब कॉलेज प्रशासन इसे सामान्य सड़क हादसा बता रहा है, तो फिर घटना के बाद से ही कॉलेज स्टाफ क्यों गायब है? पुलिस बोलीं- दोषी कोई भी हो, बख्शा नहीं जाएगा
एसपी देहात सागर जैन ने बताया- मृतक छात्र के परिजनों के आरोपों की जांच की जा रही है। इंस्टीट्यूट प्रशासन, स्टाफ और छात्रों से भी पूछताछ की जाएगी। हादसे में शामिल अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। इसके लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं, जिससे यह पता चल सके कि टक्कर किस वाहन ने मारी और हादसे के समय घटनास्थल पर क्या स्थिति थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। —————————- ये खबर भी पढ़िए… कानपुर में टीचर ने की नाबालिग की हत्या:स्कूल के पास मिलने बुलाया, चाकू से गला रेता, मरने से पहले खुद बताया हत्यारे का नाम कानपुर देहात में टीचर ने 11वीं के छात्र की हत्या कर दी। उसने छात्र को मिलने के लिए स्कूल के पास बुलाया और चाकू से गला रेत दिया। इसके बाद मौके से फरार हो गया। हमले के बाद लहूलुहान हालत में सौरभ जान बचाने के लिए पास के पेट्रोल पंप की ओर भागा। वहां मौजूद लोगों ने गंभीर रूप से घायल छात्र को देखा और तत्काल उसकी बहन को सूचना दी। इसके बाद परिजन उसे लेकर सीएचसी पहुंचे। जहां इलाज के दौरान छात्र की मौत हो गई। पढ़िए पूरी खबर…


