भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड (BBMB) के चेयरमैन मनोज त्रिपाठी की पत्नी दीप्ति त्रिपाठी को भाजपा जॉइन करने से ठीक पहले धमकी मिली। इंटेलिजेंस के इनपुट के बाद उनकी जॉइनिंग ऐन वक्त पर टाल दी गई। सुरक्षा कारणों से पंचकूला में होने वाला कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। इसके साथ उनकी सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। दरअसल, पंचकूला स्थित भाजपा कार्यालय पंचकमल में बुधवार को दीप्ति त्रिपाठी के पार्टी जॉइन करने को लेकर कार्यक्रम रखा गया था। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष अजय मित्तल और कालका से विधायक शक्ति रानी को भी पहुंचना था। दीप्ति को पंचकूला ऑफिस के लिए रवाना होता था। इस बीच उन्हें इंटेलिजेंस की तरफ से सूचना मिली कि बीजेपी जॉइन करने को लेकर उनकी जान को खतरा है। बीजेपी कार्यालय में ज्यादा भीड़ जमा होने पर सुरक्षा कारणों के चलते दीप्ति त्रिपाठी की जॉइनिंग को स्थगित कर दिया गया। अब नई तारीख तय की जाएगी। इंटेलिजेंस रिपोर्ट के बाद लिया फैसला
बताया जा रहा है कि इंटेलिजेंस एजेंसी की तरफ से इनपुट मिला कि पंजाब के प्रतिबंधित संगठन की तरफ से दीप्ति को खतरा है। इस थ्रेट को देखते हुए उनके घर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। दीप्ति बोलीं- जल्द ही बीजेपी जॉइन करूंगी
दीप्ति त्रिपाठी के मुताबिक वह लंबे समय से समाज कल्याण के लिए काम कर रही हैं। वह पॉलिटिकल पार्टी जॉइन करके लोगों की सेवा करने के लिए अपना दायरा बढ़ाना चाहती हैं, ताकि वह और बड़े स्तर पर लोगों को मदद कर सकें। दीप्ति के मुताबिक वह जल्द ही बीजेपी जॉइन करेंगी और वह दुखी हैं कि उनकी जॉइनिंग को पॉलिटिकल मुद्दा बनाया जा रहा है।


