पंजाब विधानसभा में बीबीएमबी (भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड) के प्रोजेक्टों में सीआईएसएफ (CISF) की तैनाती के खिलाफ प्रस्ताव पास होने के बाद अब बीबीएमबी ने नंगल टाउनशिप में CISF अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए किए जा रहे इंतजामों पर फिलहाल रोक लगा दी। वहां पर 142 CISF अधिकारियों और कर्मचारियों को आवास आवंटित किए जाने था, लेकिन पंजाब सरकार के विरोध के चलते फिलहाल यह प्रक्रिया रोक दी गई है। बीबीएमबी की ओर से हालांकि इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। पिछले महीने शुरू हुई थी प्रक्रिया पिछले महीने नंगल में अपने अधिकारियों को जारी पत्र में बीबीएमबी प्रबंधन ने सीआईएसएफ के अधिकारियों और कर्मचारियों को देने के लिए घरों की निशानदेही की बात कहीं थी। चार से पांच ब्लॉक में घर उनके लिए देखे गए थे। उनमें रह रहे मुलाजिमों को भी यह घर खाली करने के लिए कहा गया था। हालांकि, अब यह काम रुक गया है।


