श्रीगंगानगर जिले में अनूपगढ़ पंचायत समिति के ब्लॉक विकास अधिकारी (BDO) विनोद कुमार रैगर को निलंबित करने की मांग को लेकर 6 गांव के सरपंच टंकी पर चढ़ गए। सूचना पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने 2 सरपंचों को समझाकर टंकी से उतार लिया था। हालांकि कुछ देर बाद गांव 9 एलएम में 3 ग्रामीण और 2 सरपंच पानी की टंकी पर चढ़ गए थे। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के उपायुक्त एवं संयुक्त शासन सचिव राम नारायण बड़गुजर ने रात करीब 10 बजे बीडीओ को एपीओ करने के आदेश जारी किए। बीडीओ का आगामी आदेश तक मुख्यालय जयपुर रहेगा। बीडीओ को एपीओ करने पर ग्रामीणों ने ढोल बजाकर खुशी जताई। रात करीब 11 बजे सभी लोग टंकी से नीचे उतर गए। 19 दिन पहले बीडीओ पर लगाए थे भ्रष्टाचार के आरोप
दरअसल, 19 दिन पहले सभी सरपंचों ने बीडीओ पर भ्रष्टाचार और चरित्रहीनता के आरोप लगाए थे। सरपंचों ने दावा किया कि उन्होंने बीडीओ को एक महिला कर्मचारी के साथ बंद कमरे में पकड़ा था। मामले को लेकर जिला कलेक्टर ने जांच कमेटी बनाई थी, जिसने बीडीओ को क्लीन चिट दे दी। इसके बाद सरपंच बीडीओ को निलंबित करने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए थे। टंकी पर चढ़कर प्रदर्शन की दी थी चेतावनी
मंगलवार को मांगें नहीं माने जाने पर सरपंचों ने टंकी पर चढ़कर प्रदर्शन की चेतावनी दी थी। मंगलवार शाम करीब 6 बजे 4 सरपंच एल. सी. डाबला (4 एलएम), काला सिंह (59 जीबी), प्रेम कुमार (3 एनडी) और गोपीराम (खोखरांवली) गांव तीन एनडी में पानी की टंकी पर चढ़ गए। वहीं 2 सरपंच दिनेश शर्मा (22 ए) और भागीरथ शर्मा (बांडा) 22 ए गांव में टंकी पर चढ़ गए थे। 3 ग्रामीण भी पानी की टंकी पर चढ़े
सरपंचों के टंकी पर चढ़ने की सूचना मिलने पर दोनों गांवों में पुलिस और प्रशासन की टीम पहुंची। गांव 22 ए में टंकी पर चढ़े सरपंच दिनेश शर्मा और भागीरथ शर्मा को समझाकर शाम 6.30 बजे टंकी से नीचे उतार लिया। गांव तीन एनडी में टंकी पर चढ़े सरपंचों को भी समझाया। इस बीच गांव 9 एलएम में 3 ग्रामीण, नाहरावाली के सरपंच पीरा राम और ग्राम पंचायत 22 ए के सरपंच दिनेश शर्मा दोबारा पानी की टंकी पर चढ़ गए। सूचना पर यहां भी पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पहुंचे।
गांव 3 एनडी में पानी की टंकी के नीचे सुरक्षा जाल लगाया गया। बेनीवाल बोले- सरकार सरपंचों के आंदोलन को नजरअंदाज कर रही
नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने मामले को लेकर ‘एक्स’ पर पोस्ट की है। उन्होंने लिखा- अनूपगढ़ पंचायत समिति के बीडीओ द्वारा सरपंचों के साथ किए जा रहे दुर्व्यवहार को लेकर बीडीओ के खिलाफ सरपंच आंदोलित हैं। 2 सप्ताह से अधिक समय से सरपंच आंदोलित हैं, लेकिन प्रदेश की भाजपा सरकार आंदोलन की नजरअंदाज कर रही है। इससे आहत होकर कुछ सरपंच पानी की टंकी पर चढ़ गए हैं। मैंने इस मामले को लेकर जिला कलेक्टर सहित राज्य सरकार के आला अधिकारियों से फोन पर बात की है। सरकार इस मामले में संवेदनशील होकर आंदोलित सरपंचों के साथ तत्काल उच्च स्तरीय वार्ता करे। ये खबर भी पढ़ें अनूपगढ़ विकास अधिकारी बंद कमरे में महिला के साथ मिले:सरपंचों ने विरोध किया तो ताला लगाकर हुए फरार, ढाई घंटे तक कमरे में बंद रही सरकारी कर्मी अनूपगढ़ पंचायत समिति परिसर में शुक्रवार शाम हंगामा हो गया। कई ग्राम पंचायतों के सरपंच ग्राम पंचायत 54 जीबी के सरपंच को निलंबित करने की अनुशंसा का विरोध करने बीडीओ ऑफिस पहुंचे थे। जब ऑफिस में विकास अधिकारी विनोद कुमार नहीं मिले तो कुछ सरपंच विश्राम गृह पहुंचे। वहां विकास अधिकारी को एक महिला के साथ बंद कमरे में पाया। (पढ़ें पूरी खबर)


