BIT मेसरा का प्लेटिनम जुबली समारोह आज:कैंपस में 1 घंटे रहेंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, दोपहर 12 बजे से बीआईटी-हिनू चौक रहेगा बंद

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार की शाम 4:40 बजे बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचीं। वहां से सीधे राजभवन गईं। वह आज बीआईटी मेसरा के प्लेटिनम जुबली समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी। राष्ट्रपति सुबह करीब 10:15 बजे राजभवन से निकलेंगी, 11 बजे बीआईटी मेसरा पहुंचेंगी। समारोह में भाग लेने के बाद बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगी। राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में परिवर्तन किया गया है। आज रात 10 बजे तक शहर में बड़े वाहनों का प्रवेश रोका गया है। वहीं, सुबह 10 बजे से कांके-रिंग रोड और दोपहर 12 बजे से बीआईटी से हिनू चौक तक के रास्ते में गाड़ियां नहीं चलेंगी। एयरपोर्ट जाने वाले वे यात्री जिनकी फ्लाइट सुबह 11 से 1.30 बजे के बीच है, उनसे सुबह 11.30 बजे ही एयरपोर्ट पहुंचने का आग्रह किया गया है। शहर से एयरपोर्ट जाने के लिए सदाबहार चौक, घाघरा रोड से होकर हेतू बस्ती के रास्ते का उपयोग करने के लिए कहा गया है। बीआईटी में एक घंटे रहेंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू देश की बेहतरीन तकनीकी संस्थानों में शामिल बीआईटी मेसरा आज अपने 70वां साल पूरा कर रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इसी कार्यक्रम की मुख्य अतिथि हैं। बीआईटी कैंपस के जीपी बिड़ला ऑडिटोरियम में कार्यक्रम आयोजित किया गया है। जहां वे एक घंटे रहेंगी। वह दिन के 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित कार्यक्रम में रहेंगी। इस समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के साथ-साथ सीके बिड़ला, मुख्यमंत्री की अनुपस्थिति में राज्य के उच्च व तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। सीके बिड़ला के परिवार के सदस्य भी उपस्थित रहेंगे। राजभवन पहुंच पुराने दिनों को किया याद शुक्रवार की शाम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राजभवन पहुंची। इस दौरान उन्होंने राजभवन में बतौर राज्यपाल बिताए पलों को याद किया। परिसर में स्थित उद्यान सहित युद्ध टैंक, चरखा आदि को देखा। दरबार हॉल में राष्ट्रपति कुछ चुनिंदा लोगों से मुलाकात करने के बाद राजभवन में स्थित प्रेसिडेंट सुइट में रात्रि विश्राम करने चली गयीं, जहां शाकाहारी भोजन किया। नो फ्लाई जोन रहेगा एयरपोर्ट एरिया राष्ट्रपति के आने से लेकर उनके जाने तक एयरपोर्ट एरिया को नो फ्लाई जोन घोषित किया गया है। वहीं कार्यक्रम की समाप्ति के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सीधे बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगी। विशेष विमान से दोपहर 12:45 बजे सीधे नई दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगी। आज राष्ट्रपति के राजभवन से बीआईटी मेसरा तक जाने और बीआइटी मेसरा से बिरसा मुंडा एयर पोर्ट तक जाने के क्रम में शहर की पूरी ट्रैफिक व्यवस्था बदली रहेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *