छत्तीसगढ़ में नारायणपुर नगर पालिका के अध्यक्ष और भाजपा नेता ने कहा कि, प्रदेश में भाजपा की सरकार में कई घोटाले हुए हैं। दुर्भाग्य की बात है कि प्रदेश में घोटालों का अंबार लग गया है। शराब से लेकर कोल और PSC घोटाले हुए हैं। अब कांग्रेस ने भी इस वीडियो को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। दरअसल, नारायणपुर में भाजपा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की थी। जिसमें BJP जिला अध्यक्ष संध्या पवार, पूर्व जिला अध्यक्ष बृजमोहन देवांगन, रूपसाय सलाम समेत अन्य नेता मौजूद थे। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल ने प्रेस वार्ता ली। उन्होंने कांग्रेस के खिलाफ बोलने की बजाय अपनी ही पार्टी और सरकार पर आरोप लगा दिए। 30 सेकेंड में 3 बार बोल दिए करीब 20 से 30 सेकेंड के अंदर ही उन्होंने 3 बार भाजपा की सरकार में घोटाले होने का जिक्र कर दिया। हालांकि, वहां मौजूद अन्य नेताओं ने उन्हें बीच में टोका। जिसके बाद पालिका अध्यक्ष ने कहा कि, उनसे गलती हो गई। इधर, ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। आरपी सिंह ने पोस्ट किया वीडियो जिसके बाद कांग्रेस प्रवक्ता आरपी सिंह ने इस वीडियो को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर डाला। भाजपा पर तंज कसा। सोशल मीडिया पर ही लिखा कि इनसे मिलिए। ये नारायणपुर पालिका के अध्यक्ष हैं जो बता रहे हैं कि भाजपा की सरकार में क्या-क्या घोटाले हो रहे हैं, सुनिए।


