चित्तौड़गढ़ के व्यापारी और बीजेपी नेता रमेश ईनाणी मर्डर केस में पुलिस ने मुख्य आरोपी पर इनाम की घोषणा की है। जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने कहा है कि फरार आरोपी रमता राम की सूचना देने वाले को 10 हजार रुपए का इनाम दिया जाएगा। पुलिस ने यह भी भरोसा दिलाया है कि जो भी व्यक्ति आरोपी के बारे में जानकारी देगा, उसका नाम और पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस का मानना है कि इनाम की घोषणा के बाद लोगों से अहम सूचनाएं मिल सकती हैं और आरोपी तक पहुंचने में मदद मिलेगी। फरार है मुख्य आरोपी रमता राम रामस्नेही संप्रदाय चित्तौड़गढ़ का पूर्व संत रमता राम इस हत्याकांड के बाद से फरार चल रहा है। एसपी मनीष त्रिपाठी ने बताया कि रमता राम की तलाश में पुलिस ने कई जगहों पर दबिश दी, उसके संभावित ठिकानों की जांच की गई, लेकिन अब तक उसका कोई पता नहीं चल पाया है। इसके बावजूद पुलिस की टीमें लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के लिए हर संभव कोशिश की जा रही हैं और तलाश लगातार जारी है। 11 नवंबर को दिनदहाड़े हुई थी हत्या यह पूरी वारदात 11 नवंबर को दिनदहाड़े हुई थी, जिसने पूरे चित्तौड़गढ़ को हिला कर रख दिया। पुलिस के अनुसार रमता राम ने ही शूटर को बुलाया था। उसके कहने पर शूटर मनीष दुबे ने रमेश ईनाणी पर खुलेआम तीन फायर किए। इनमें से दो गोलियां रमेश ईनाणी को लगीं। गंभीर हालत में उन्हें उदयपुर हॉस्पिटल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मामले में दो आरोपी हो चुके गिरफ्तार पुलिस ने इस हत्याकांड में अब तक अहम कार्रवाई की है। शूटर मनीष दुबे को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके अलावा इस मामले से जुड़े एक अन्य आरोपी भजन राम को बाली से गिरफ्तार किया गया था, जिसे बाद में जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान कई जरूरी सबूत सामने आए हैं और उन्हीं के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। हालांकि पुलिस मान रही है कि मुख्य आरोपी रमता राम की गिरफ्तारी के बाद ही पूरे मामले की कड़ी पूरी तरह जुड़ पाएगी।


