CAF जवान की AK 47 राइफल एवं 90 कारतूस चोरी:सरगुजा में आरक्षक के घर से राइफल एवं जेवरातों की चोरी, मचा हड़कंप

अंबिकापुर के गांधीनगर में निवासरत CAF जवान के घर से एके 47 राइफल के साथ 90 कारतूसों की चोरी हो गई है। CAF का जवान के घर से जेवरात एवं नगदी की भी चोरी हुई है। CAF के जवान का परिवार जब बुधवार को लौटा तो चोरी का खुलासा हुआ। घटना की जानकारी मिलने पर हड़कंप मच गया है। घटना की सूचना गांधीनगर थाने में दे दी गई है। सरगुजा ASP अमोलक सिंह ने घटना की पुष्टि की है। जानकारी के मुताबिक, अंबिकापुर के गांधीनगर निवासी CAF आरक्षक आशीष तिर्की, जिला पंचायत बलरामपुर के सीईओ नयनतारा तोमर का गनमैन है। आशीष तिर्की अपने परिवार सहित गांव गया हुआ था। बुधवार दोपहर बाद आशीष तिर्की परिवार सहित वापस घर पहुंचा तो घर का ताला खुला हुआ मिला। राइफल, 90 कारतूस एवं जेवरातों की चोरी
आशीष तिर्की जब घर में पहुंचे तो उनकी एके 47 राइफल के साथ 90 कारतूस एवं घर के अलमारी में रखे नगदी एवं जेवरात गायब थे। इसकी सूचना गांधीनगर पुलिस को दी गई। घटना की सूचना मिलने पर हड़कंप मच गया। हालांकि इसकी रिपोर्ट तत्काल दर्ज नहीं की गई। पुलिस ने पहले खोजबीन की, लेकिन पता नहीं चलने पर देर रात गांधीनगर थाने में घटना की रिपोर्ट दर्ज की गई है। चोरी हुआ सर्विस राइफल एवं कारतूस आशीष तिर्की ने घर जाने के पूर्व घर में ही रखा हुआ था। फ्रीज में रखी थी चाबी, ताला खोलकर चोरी
आशीष तिर्की के परिजनों ने बताया कि घर का ताला बंद कर उन्होंने चाबी किचन के फ्रीज में रख दी थी। किचन का दरवाजा बाहर खुलता है। किचन में ताला लगाकर वे चले गए थे। चोरों ने किचन के दरवाजे का ताला तोड़ा। फ्रीज से चाबी निकाली और घर में घुसकर चोरी की। चोरी के बाद तालों को वापस बंद कर चाबी को फ्रीज में रख दिया और भाग निकले। चोरी के तरीके से यह भी संभावना है कि वे आशीष तिर्की के परिवार से वाकिफ थे। ASP ने कहा-घटना हुई, जांच जारी
सरगुजा ASP अमोलक सिंह ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि चोरी की घटना गांधीनगर थाना क्षेत्र की है। पुलिस जांच कर रही है। ASP ने बताया कि सीएएफ आरक्षक को एके 47 राइफल एवं कारतूस पुलिस लाइन में जमा कर बाहर जाना था। इसमें आरक्षक की लापरवाही है। मामले की पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *