चंडीगढ़ जिला अदालत में मंगलवार को खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर ठगी करने वाला एक युवक वकीलों के हत्थे चढ़ गया। आरोपी फर्जी सीबीआई स्टांप लगे दस्तावेज लेकर अदालत पहुंचा था। वकीलों ने उसे मौके पर ही पकड़कर चंडीगढ़ पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। चंडीगढ़ जिला अदालत के वकील राजेश सिंह ने बताया कि उनकी बेटी ग्रेजुएशन कर चुकी है। अदालत परिसर में सतीश नाम का एक व्यक्ति अक्सर आता-जाता था। उसने खुद को सीबीआई का अधिकारी बताया और अपना पहचान पत्र भी दिखाया। आरोपी ने कहा कि वह स्पेशल ड्यूटी पर तैनात है और उनकी बेटी को सीबीआई विभाग में नौकरी दिलवा सकता है। बोला- होम सेक्रेटरी को गिफ्ट देना है वकील के अनुसार, आरोपी ने नौकरी लगवाने के लिए पहले 7 हजार रुपये रजिस्ट्रेशन फीस के तौर पर ले लिए। इसके बाद सोमवार को फोन कर कहा कि चंडीगढ़ के होम सेक्रेटरी का जन्मदिन है और उन्हें गिफ्ट देना है। इसके लिए आरोपी ने 12 हजार रुपये मोबाइल फोन खरीदने के नाम पर मांगे और कहा कि बाकी पैसे वह खुद जोड़ देगा। आरोपी की बातों पर शक होने पर वकील राजेश सिंह ने अपने साथी वकीलों को पूरे मामले की जानकारी दी। मंगलवार को जब आरोपी सतीश दोबारा चंडीगढ़ जिला अदालत पहुंचा और पैसे लेने की बात करने लगा, तो पहले से सतर्क वकीलों ने उसे पकड़ लिया। फर्जी सीबीआई स्टांप और दस्तावेज बरामद पकडे गए शख्स के पास से एक फाइल बरामद हुई, जिसमें फर्जी सीबीआई के स्टांप लगे कई दस्तावेज मिले। शख्स दावा किया था कि वकील की बेटी की फाइल दिल्ली स्थित सीबीआई मुख्यालय पहुंच चुकी है और जल्द ही जॉइनिंग लेटर आ जाएगा, जबकि बाकी पैसे बाद में देने को कहा था। घटना की सूचना मिलने पर चंडीगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी सतीश को हिरासत में ले लिय और पूछताछ कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि उसने इससे पहले और कितने लोगों को इसी तरह ठगा है।


