CG की हर पंचायत में खुलेंगे बैंक:CM बोले- दो-दो केदार की जोड़ी हर घर तक सहकारिता के काम पहुंचाएगी, जशपुर में अपेक्स बैंक शुरू

आने वाले राष्ट्रीय पंचायती दिवस तक छत्तीसगढ़ की हर पंचायत में बैंक की सुविधा होगी। ये घोषणा प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने की है। रायपुर में वो बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक मर्यादित के नवनियुक्त प्राधिकृत अधिकारी केदारनाथ गुप्ता के पदभार ग्रहण और अभिनंदन समारोह में बोल रहे थे। यहां प्रदेश के सहकारिता मंत्री केदार कश्यप भी मंच में मौजूद थे। बैंक के नए प्राधिकृत अधिकारी केदार गुप्ता और मंत्री केदार कश्यप के एक जैसे नाम पर चुटकी लेते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों केदार की जोड़ी सहकारिता के काम को प्रदेश के हर घर तक पहुंचाने का काम करेगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जशपुर जिले के फरसाबहार में अपेक्स बैंक की नई शाखा का वर्चुअल शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में सहकार से समृद्धि की संकल्पना को साकार किया जा रहा है। उनकी प्रेरणा से प्रदेश के घर-घर को सहकारिता से जोड़ने का कार्य हमारी सरकार कर रही है। साय ने कहा कि नवनियुक्त प्राधिकृत अधिकारी के नेतृत्व में प्रदेश में सहकारिता को और अधिक मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि सहकारी गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड के साथ मिलकर प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा दिया जा रहा है। हाल ही में हमने दुधारू पशु वितरण का शुभारंभ किया है, जिसके अंतर्गत पायलट प्रोजेक्ट के लिए प्रदेश के 6 जिलों का चयन कर हितग्राहियों को दो-दो दुधारू गाय वितरित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश के किसानों और ग्रामीण जनों को बैंकिंग सुविधा उपलब्ध कराने की एक बड़ी पहल हमने इस वर्ष पंचायती राज दिवस से प्रारंभ की है। प्रदेश के 1460 ग्राम पंचायतों में अटल डिजिटल सुविधा केंद्र खोले गए हैं, जिसके माध्यम से ग्राम पंचायत भवन में ही बैंकिंग सुविधा मिल रही है। उन्होंने बताया कि अगले पंचायती राज दिवस तक यह सुविधा प्रदेश के सभी ग्राम पंचायतों में उपलब्ध हो जाएगी, जिससे किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री साय ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के मुख्यमंत्रित्व काल के दौरान सहकारिता के क्षेत्र में हुए बड़े बदलावों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री सिंह ने किसानों को अल्पकालिक ऋण के लिए भारी-भरकम ब्याज दर से मुक्ति दिलाई और ब्याज दरों को लगातार कम कर किसानों को राहत दी। अब किसानों को कृषि कार्यों के लिए बिना किसी ब्याज के अल्पकालिक ऋण उपलब्ध हो रहा है। मुख्यमंत्री साय ने फरसाबहार में अपेक्स बैंक की नई शाखा खुलने पर क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि अब किसानों को बैंकिंग सुविधा के लिए 50-60 किलोमीटर दूर पत्थलगांव नहीं जाना पड़ेगा। इस पहल के लिए उन्होंने सहकारिता विभाग को साधुवाद दिया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने छत्तीसगढ़ में सहकारिता का बीजारोपण करने वाले महान विभूतियों को पुण्य स्मरण करते हुए अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में वामनराव लाखे और ठाकुर प्यारेलाल जैसे पुरोधाओं ने सहकारिता की नींव रखी, जिसका विकसित स्वरूप आज हम सभी देख रहे हैं। यह वर्ष सहकारिता का अंतर्राष्ट्रीय वर्ष है, और केन्द्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह के प्रयासों से निश्चित रूप से इस क्षेत्र में चमत्कारिक परिवर्तन हो रहा है। मुख्यमंत्री की उपस्थिति में मजगांव डॉक शिप बिल्डर्स लिमिटेड ने सत्य साईं हॉस्पिटल को 2.25 करोड़ रुपए की सहायता राशि सौंपी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में कार्यक्रम में मजगांव डॉक शिप बिल्डर्स लिमिटेड ने सीएसआर गतिविधियों के तहत राजधानी रायपुर के सत्य साईं हृदय चिकित्सालय को 2.25 करोड़ रुपए की सहायता राशि का चेक सौंपा। मुख्यमंत्री ने इस पुनीत कार्य के लिए मजगांव डॉक शिप बिल्डर्स लिमिटेड के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। प्रदेश के सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री साय किसानों की समृद्धि के चिंतन पर हमेशा बल देते हैं। अपने मुख्यमंत्रित्व कार्यकाल में डॉ. रमन सिंह ने किसानों को भरपूर सम्मान दिया, उनकी समृद्धि की चिंता की, आज मुख्यमंत्री साय उसी संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं। प्रदेश सरकार की धान खरीद नीति की चर्चा करते हुए कश्यप ने कहा कि प्रदेश के 2,739 उपार्जन केंद्रों के जरिए प्रदेश में 149 लाख मीटरिक टन धान खरीदा गया है। प्रदेश सरकार इसके अलावा दुग्ध, मत्स्य, लघु वनोपज समितियों को आगे बढ़ाने का काम कर रही है और अभी प्रदेश में 711 इन समितियों को गठन हुआ है तथा 530 नई अपेक्स समितियाँ और गठित की जा रही हैं। कश्यप ने कहा कि किसानों के सहयोग और सहकार से समृद्धि तक पहुँचना है क्योंकि बिना सहकार, नहीं उद्धार। अपेक्स बैंक के नवनियुक्त प्राधिकृत अधिकारी केदारनाथ गुप्ता ने अपने सम्बोधन में प्रदेश सरकार व भाजपा नेतृत्व को विश्वास दिलाया कि वह और विभागीय मंत्री व अपेक्स बैंक की टीम अब हर महीने अपने काम का रोडमैप बनाएंगे, उसकी समीक्षा करेंगे और हर साल एक-एक पायदान सहकारिता को आगे बढ़ाने का काम करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *