छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने साल 2025 की हाईस्कूल और हायर सेकंडरी मुख्य परीक्षा के पुनर्गणना और पुनर्मूल्यांकन (रीवैल्यूवेशन) के परिणाम शुक्रवार को जारी कर दिए हैं। जिन स्टूडेंट्स ने पुनर्गणना या पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन किया था, वे अब अपना रिजल्ट मंडल की आधिकारिक वेबसाइट www.cgbse.nic.in पर जाकर रोल नंबर दर्ज कर ऑनलाइन चेक सकते हैं। मंडल ने ऐसे छात्रों के लिए भी निर्देश जारी किया है, जो पुनर्गणना/पुनर्मूल्यांकन के बाद द्वितीय मुख्य परीक्षा (सेकेंड बोर्ड एग्जाम) या अवसर परीक्षा 2025 में सम्मिलित होना चाहते हैं। ऐसे परीक्षार्थी अपनी अध्ययनरत संस्था के माध्यम से 30 जून 2025 तक ऑनलाइन आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं। दो महीने पहले ही आया मुख्य रिजल्ट
बतादें कि इस वर्ष छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं बोर्ड परीक्षा में 76.53% छात्र पास हुए। कांकेर की इशिका और जशपुर के नमन ने संयुक्त टॉप किया। 85 स्टूडेंट्स ने टॉप-10 में जगह बनाई। वहीं 12वीं का कुल रिजल्ट इस बार 81.87 प्रतिशत रहा। परीक्षा में 84.67% छात्राएं पास हुईं। वहीं 78.07 फीसदी छात्र 12वीं में पास हुए हैं। 98.20% के साथ कांकेर के अखिल सेन टॉपर बने।


